Site icon Jan Bharat Samachar

शिरूर परिसर में एक महिला सहित दो बच्चों की क्रूर हत्या

Spread the love

पुणे. पुणे-अहिल्यानगर हाईवे पर रांजणगांव गणपती क्षेत्र में खंडाले घाट के पास एक बंद पड़ी फैक्ट्री के पीछे एक महिला और दो छोटे बच्चों के अधजले शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। यह एक क्रूर तिहरी हत्या का मामला है, जिसकी जांच पुलिस ने शुरू कर दी है। महिला की उम्र लगभग 25 से 30 साल के बीच बताई जा रही है, जबकि बच्चों की उम्र करीब डेढ़ से दो साल और चार से पांच साल के बीच है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इन तीनों की बेरहमी से हत्या कर शवों को पेट्रोल डालकर जलाने की कोशिश की गई थी। हालांकि बारिश के कारण शव पूरी तरह नहीं जल पाए। महिला के हाथ पर “जय भीम” गुदा हुआ है, जो इस समय उसकी पहचान का एकमात्र सुराग है।

यह वारदात रविवार सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे सामने आई, जब खंडाले गांव के एक राहगीर को बदबू महसूस हुई। उसने यह जानकारी गांव की पुलिस पाटिल सीमा खेडकर को दी। उनके साथ कुछ ग्रामीणों ने मौके का मुआयना किया और झाड़ियों में शवों को देखा। इसके बाद रांजणगांव एमआईडीसी पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस निरीक्षक महादेव वाघमोडे, उपनिरीक्षक सविता काळे और उपविभागीय अधिकारी प्रशांत ढोले ने मौके पर पहुंचकर जांच की।

मृत महिला के सिर पर चोट के गंभीर निशान पाए गए हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि उसकी हत्या कर शव को सुनसान जगह लाकर सबूत मिटाने की कोशिश की गई है। घटनास्थल पर पेट्रोल की गंध भी महसूस की गई।

शव इतनी बुरी तरह जल चुके हैं कि उनकी पहचान करना बेहद मुश्किल हो गया है। श्वान पथक और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर जांच शुरू कर दी है, लेकिन बारिश के कारण जांच कार्य में बाधा आ रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि क्या मृत महिला इस क्षेत्र में किरायेदार के रूप में रह रही थी।

घटना की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में भय का माहौल बन गया है। महिला के शव से चिपके हुए मासूम बच्चों के शवों को देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भर आईं। पुलिस के सामने फिलहाल महिला के हाथ पर गुदे “जय भीम” के शब्द ही एकमात्र पहचान का संकेत हैं। जांच को और गहरा किया जा रहा है।

स्थानीय अपराध शाखा की टीम ने भी इस मामले में समांतर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस हर संभव प्रयास कर रही है। पुणे ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक संदीपसिंह गिल भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की गहराई से जांच के आदेश दिए हैं।

Exit mobile version