Site icon Jan Bharat Samachar

पुणे में खुलें पांच नए साइबर पुलिस थाने: विधायक हेमंत रासने की मुख्यमंत्री से मांग

Spread the love

पुणे. पुणे में बढ़ते साइबर अपराधों और लंबित मामलों की गंभीरता को देखते हुए, वर्तमान में मौजूद एकमात्र साइबर पुलिस थाना अब नाकाफी साबित हो रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए विधायक हेमंत रासने ने मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर पुणे के प्रत्येक पुलिस परिमंडल में एक-एक करके कुल पांच नए साइबर पुलिस थाने स्थापित करने की मांग की है।

हाल ही में पुणे पुलिस ने खराड़ी इलाके में चल रहे एक फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया, जो अमेरिकी नागरिकों को “डिजिटल अरेस्ट” की धमकियां देकर गिफ्ट कार्ड्स के जरिए लाखों रुपये की ठगी कर रहा था। यह मामला पुणे में बढ़ते साइबर अपराधों की गंभीरता को उजागर करता है। आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2022 में 10,692, 2023 में 11,974 और 2024 में 12,954 साइबर अपराध दर्ज किए गए। इनमें से केवल 6,204 (2022), 7,069 (2023) और 1,739 (2024) मामलों का ही न्यायालयीन निपटारा हुआ है, जबकि शेष मामले अभी भी लंबित हैं। विधायक रासने ने इन आंकड़ों के माध्यम से समस्या की गंभीरता की ओर ध्यान आकर्षित किया है।

रासने ने अपने पत्र में यह भी सुझाव दिया है कि हर परिमंडल में एक साइबर थाना स्थापित कर तकनीकी रूप से दक्ष जांच प्रक्रिया सुनिश्चित की जा सकती है। इसके अलावा, उन्होंने प्रशिक्षित पुलिस अधिकारियों की नियुक्ति, ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से थानों का आधुनिकीकरण और प्रशिक्षित मानव संसाधनों की भर्ती जैसी मांगें भी की हैं।

Exit mobile version