Site icon Jan Bharat Samachar

कार्यकर्ताओं को मैदान में उतरकर काम करना होगा!

Spread the love

पुणे.राज्य के उच्च व तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांतदादा पाटील ने आज कसबा विधानसभा क्षेत्र का दौरा कर कार्यकर्ताओं को आगामी महापालिका (नगर निगम) चुनावों की तैयारियों में अभी से जुट जाने के निर्देश दिए। उन्होंने मोर्चा और आघाड़ी की कार्यकारिणी जल्द से जल्द पूर्ण करने की भी सख्त हिदायत दी।

चंद्रकांतदादा पाटील ने आज कसबा विधानसभा क्षेत्र में नवनियुक्त मंडल अध्यक्षों और पदाधिकारियों से मुलाकात की। इसके बाद विष्णू कृपा कार्यालय में विधानसभा क्षेत्र के सभी पदाधिकारियों की एक बैठक आयोजित की गई। इस अवसर पर विधायक हेमंत रासने, भाजपा पुणे शहर अध्यक्ष धीरज घाटे, पूर्व नगरसेवक गणेश बिडकर, शैलेश टिळक, स्वरदा बापट, राघवेंद्रबापू मानकर, राजेंद्र काकडे, प्रमोद कोंढरे, दीपक पोटे सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे।

बैठक की शुरुआत में चंद्रकांतदादा पाटील ने भाजपा संगठन पर्व के अंतर्गत कसबा विधानसभा के सभी मंडलों की मोर्चा और आघाड़ी की कार्यकारिणी जल्द पूर्ण करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनावों में भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं ने जमीन पर उतरकर काम किया, जिसकी वजह से ऐतिहासिक जीत मिली। आगामी महापालिका चुनावों में भी हमें ऐसा ही परिश्रम करना है और विजय प्राप्त करनी है। इसलिए कार्यकर्ता अभी से ही तैयारी में जुट जाएं।

उन्होंने आगे कहा कि महापालिका चुनावों में महायुती के तहत सीटों के बंटवारे का निर्णय वरिष्ठ नेता उचित समय पर लेंगे, कार्यकर्ताओं को इसकी चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे पूरी निष्ठा से निभाएं।

पाटील ने यह भी निर्देश दिए कि बारिश के मौसम को ध्यान में रखते हुए कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दें और बारिश के कारण उत्पन्न होने वाली समस्याओं के समाधान के लिए महापालिका के आपदा प्रबंधन विभाग के साथ समन्वय बनाकर रखें। इससे किसी आपात स्थिति में नागरिकों को राहत पहुंचाने में आसानी होगी।

Exit mobile version