Site icon Jan Bharat Samachar

विद्युत सुरक्षा जागरूकता हेतु चिंचवड़ में आज ‘रन फॉर सेफ्टी’ मैराथन

Spread the love

पुणे. महावितरण (महाराष्ट्र राज्य विद्युत वितरण कंपनी) के 20वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में पुणे परिमंडल में 1 जून से 6 जून तक “विद्युत सुरक्षा सप्ताह” का आयोजन किया जा रहा है। इस विशेष सप्ताह की शुरुआत रविवार, 1 जून को ‘रन फॉर इलेक्ट्रिकल सेफ्टी’ मैराथन और ऑनलाइन प्रश्नमंजूषा के उद्घाटन के साथ होगी।

इस आयोजन का उद्घाटन महावितरण के संचालक (मानव संसाधन) श्री राजेंद्र पवार के करकमलों से होगा। मैराथन का आयोजन बिजलीनगर (चिंचवड़) स्थित महावितरण उपविभाग कार्यालय परिसर से प्रातः 5:30 बजे किया जाएगा। इसमें 3 किलोमीटर और 5 किलोमीटर की दो दौड़ होंगी, जो निर्धारित मार्ग से होकर पुनः वहीं समाप्त होंगी।

इस अवसर पर पुणे के प्रादेशिक संचालक श्री भुजंग खंदारे और मुख्य अभियंता श्री सुनील काकडे भी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इस मैराथन में पुणे परिमंडल के 650 से अधिक अधिकारी और कर्मचारी भाग लेंगे। विजेताओं को मुख्य अतिथियों के हाथों पदक प्रदान किए जाएंगे।

इसके साथ ही, विद्युत सुरक्षा के प्रति ग्राहकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जागरूक करने हेतु ऑनलाइन प्रश्नमंजूषा प्रतियोगिता का शुभारंभ भी श्री पवार द्वारा किया जाएगा।

महावितरण द्वारा यह अभियान ‘शून्य विद्युत अपघात’ के लक्ष्य के साथ चलाया जा रहा है, जिसमें घरेलू, व्यावसायिक और सार्वजनिक स्थानों पर विद्युत उपकरणों और बिजली व्यवस्था से सावधानी बरतने का संदेश दिया जाएगा।

इस सप्ताह का उद्देश्य विद्युत सुरक्षा के प्रति नागरिकों में जागरूकता लाना और दुर्घटनाओं को रोकना है।

Exit mobile version