Site icon Jan Bharat Samachar

बारिश से पहले खुदे हुए रास्तों का काम 7 जून तक पूरा करें – अतिरिक्त आयुक्त ओमप्रकाश दिवटे के निर्देश

Spread the love

 

पुणे। आगामी मानसूनी बरसात को ध्यान में रखते हुए पुणे महानगरपालिका द्वारा विभिन्न विभागों को उनके आवश्यक कार्यों के लिए दी गई सड़क खुदाई की अनुमतियों की समीक्षा हेतु आज एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त मनपा आयुक्त (वि.) मा. श्री ओमप्रकाश दिवटे ने की। बैठक में संबंधित विभागों के मुख्य अभियंता, अधीक्षक अभियंता, कार्यकारी अभियंता, उप अभियंता एवं कनिष्ठ अभियंता उपस्थित थे।

बैठक में पथ विभाग द्वारा दी गई खुदाई की अनुमति के तहत प्रमुख सड़कों पर किए गए कार्यों की समीक्षा की गई। अधिकांश विभागों के कार्य पूरे हो चुके हैं और अब सड़कों के पुनर्प्रस्थापन (री-सरफेसिंग) का कार्य जारी है। इस कार्य में गति लाने तथा नागरिकों को परेशानी न हो इसके लिए दिवटे ने निर्देश दिए कि सभी खुदे हुए रास्तों की मरम्मत अधिकतम जनशक्ति लगाकर 7 जून 2025 तक पूरी कर ली जाए।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि पुनर्प्रस्थापन कार्य गुणवत्तापूर्ण हो इसके लिए संबंधित कनिष्ठ अभियंताओं को विशेष प्रशिक्षण दिया जाए और उन्हीं की निगरानी में यह कार्य संपन्न हो। इसके अतिरिक्त यह भी स्पष्ट किया गया कि इन कार्यों की भुगतान प्रक्रिया तब तक स्थगित रखी जाए जब तक बारिश का महीना समाप्त नहीं हो जाता।

आपदा निवारण संबंधी कार्यों हेतु की जाने वाली खुदाई के संदर्भ में संबंधित विभागों को पथ विभाग से समन्वय बनाकर योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने के निर्देश भी मा. अतिरिक्त आयुक्त ने दिए।

इस समीक्षा बैठक में पथ विभाग के मुख्य अभियंता श्री अनिरुद्ध पावसकर, मलनिस्सारण विभाग के मुख्य अभियंता श्री जगदीश खानोरे, विद्युत विभाग की मुख्य अभियंता श्रीमती मनीषा शेकटकर, जलापूर्ति विभाग के मुख्य अभियंता श्री नंदकिशोर जगताप सहित संबंधित विभागों के अधीक्षक, कार्यकारी, उप व कनिष्ठ अभियंता उपस्थित थे।

महापालिका के इस निर्देश से उम्मीद की जा रही है कि आने वाले पावसाल में शहरवासियों को खराब सड़कों के कारण होने वाली समस्याओं से राहत मिलेगी।

Exit mobile version