Site icon Jan Bharat Samachar

पुणे महानगरपालिका में नई वार्ड संरचना, पिंपरी चिंचवड में पुरानी ही लागू; राज्य सरकार का निर्णय घोषित

Spread the love

चार सदस्यीय वार्ड प्रणाली के तहत ही होंगी आगामी महापालिका चुनाव

पुणे। राज्य सरकार ने महाराष्ट्र की महापालिकाओं के आगामी चुनाव को लेकर एक अहम निर्णय लेते हुए स्पष्ट किया है कि पुणे महानगरपालिका के लिए नई प्रभाग (वार्ड) रचना लागू की जाएगी, जबकि पिंपरी चिंचवड महानगरपालिका में 2017 की पुरानी प्रभाग रचना ही यथावत रखी जाएगी।

सर्वोच्च न्यायालय द्वारा स्थानिक स्वराज्य संस्थाओं के चुनाव की राह साफ करते हुए चार माह के भीतर चुनाव कराने के आदेश देने के बाद राज्य सरकार ने तैयारी आरंभ कर दी है। इसी क्रम में मंगलवार को प्रभाग रचना की घोषणा की समयसीमा समाप्त हुई और आज इसका अधिकृत कार्यक्रम जारी होने की संभावना है।

राज्य सरकार ने तय किया है कि महापालिका चुनाव 2017 की तरह चार सदस्यीय प्रभाग प्रणाली के तहत ही होंगे। हालांकि, बीते वर्षों में कई महापालिकाओं की सीमा विस्तार हुआ है और कुछ में दो सदस्यीय प्रभाग प्रणाली लागू की गई थी, लेकिन अब एकरूपता लाते हुए चार सदस्यीय पद्धति को अपनाया गया है।

इस निर्णय के तहत पुणे, नवी मुंबई, कल्याण-डोंबिवली और नव्य रूप से महापालिका दर्जा प्राप्त शहरों में नई वार्ड संरचना बनाई जाएगी, जबकि पिंपरी चिंचवड समेत 17 महापालिकाओं में 2017 की पूर्ववत रचना लागू रहेगी। मुंबई महापालिका में अलग रूप से एक सदस्यीय वार्ड रचना को मान्यता दी गई है।

राजनीतिक दृष्टिकोण से यह निर्णय अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है और सभी प्रमुख राजनीतिक दलों ने इसके अनुसार अपनी तैयारी तेज कर दी है। प्रभाग रचना का विस्तृत कार्यक्रम शीघ्र सार्वजनिक होने की संभावना है।

Exit mobile version