Site icon Jan Bharat Samachar

डॉ. श्याम मुंडे बने फर्ग्युसन कॉलेज के नए प्राचार्य

Spread the love

पुणे। डॉ. श्याम मुंडे को डेक्कन एजुकेशन सोसायटी के फर्ग्युसन महाविद्यालय (स्वायत्त) का अठारहवां प्राचार्य नियुक्त किया गया है।

डॉ. मुंडे ने भूगर्भशास्त्र विषय में राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय से पीएच.डी. की उपाधि प्राप्त की है। उन्होंने शिक्षा, अनुसंधान और अध्यापन के माध्यम से भूगर्भशास्त्र के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है।

उनके 50 से अधिक शोधपत्र राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं। वर्ष 2022 से वे फर्ग्युसन कॉलेज के भूगर्भशास्त्र विभाग के प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें प्रतिष्ठित आईएनएसए वैज्ञानिक और शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।

सहयोगी अनुसंधान के तहत उन्होंने ताइवान की नेशनल चुंग चेंग यूनिवर्सिटी के पृथ्वी और पर्यावरण विज्ञान विभाग का दौरा किया था, जहां इस संस्था के साथ एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर भी हस्ताक्षर किए गए।

प्राचार्य पद ग्रहण करते हुए डॉ. मुंडे ने कहा कि वे वैश्विक शिक्षा मानकों और उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल-आधारित पाठ्यक्रम, भारतीय ज्ञान प्रणाली का सशक्तीकरण और दुनिया भर के छात्रों को समावेशी तथा उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा प्रदान करने के लक्ष्य पर कार्यरत रहेंगे।

Exit mobile version