Site icon Jan Bharat Samachar

सरकारी प्रशिक्षण संस्था के उपप्राचार्य 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार

Spread the love

पुणे. ज़िले के बारामती तालुका में स्थित अनंतराव पवार शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था, माळेगाव के उपप्राचार्य (अतिरिक्त कार्यभार प्राचार्य) अवधूत मिमाजी जाधवर को एंटी करप्शन ब्यूरो, पुणे ने 40 हज़ार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।

अधिक जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता एक निजी पॅरामेडिकल इंस्टिट्यूट के अध्यक्ष हैं। उनकी संस्था द्वारा आयोजित परीक्षा में 45 विद्यार्थी शामिल हो रहे थे। इसके लिए उन्होंने शासकीय प्रशिक्षण संस्था माळेगाव से पर्यवेक्षक नियुक्त करने की मांग की थी। इस प्रक्रिया में उपप्राचार्य अवधूत जाधवर ने प्रति विद्यार्थी 2000 रुपये के हिसाब से कुल 90,000 रुपये रिश्वत की मांग की थी।

शिकायतकर्ता से पहले ही 10,000 रुपये लेकर पर्यवेक्षक नियुक्ति पत्र दे दिया गया था और परीक्षा शुरू भी हो गई थी। लेकिन इसके बाद आरोपी ने बाकी की 80,000 रुपये रिश्वत की बार-बार मांग की। इससे तंग आकर शिकायकर्ता ने 23 जून को एंटी करप्शन ब्यूरो, पुणे में शिकायत दर्ज करवाई।
इस शिकायत के बाद एसीबी ने जांच की और 24 जून को ‘हॉटेल सिटी इन’, बारामती में ट्रॅप ऑपरेशन के दौरान आरोपी अवधूत जाधवर को 40,000 रुपये रिश्वत स्वीकार करते हुए गिरफ्तार किया।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री शिरीष सरदेशपांडे, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. शीतल जानवे और पुलिस निरीक्षक श्री अमोल भोसले के नेतृत्व में (लाचलुचपत प्रतिबंधक विभाग, पुणे) के टीम ने किया।

Exit mobile version