Jan Bharat Samachar

शादी का झांसा देकर 3.60 करोड़ की ठगी करने वाला अंतरराष्ट्रीय ठग गिरफ्तार 

oplus_2

Spread the love

पुणे .ऑनलाइन मैट्रिमोनियल साइट के जरिए एक महिला को शादी का झांसा देकर 3 करोड़ 60 लाख रुपए की ठगी करने वाले अंतरराष्ट्रीय ठग को पुणे साइबर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को ऑस्ट्रेलिया का डॉक्टर बताकर पुणे की एक महिला को अपने प्रेमजाल में फंसाकर लंबे समय तक धोखा देता रहा है।

अधिक जानकारी के अनुसार , दिल्ली की मूल निवासी महिला, जो पुणे के खराडी क्षेत्र में रह रही थी, उसने Shaadi.com पर प्रोफाइल बनाकर शादी का प्रस्ताव रखा था। इस प्रोफाइल (SH87341231) पर “डॉ. रोहित ओबेरॉय” नामक ऑस्ट्रेलियन नागरिक (असल में भारतीय मूल का) व्यक्ति ने संपर्क साधा। 2023 में मैसेज के माध्यम से संपर्क शुरू हुआ और धीरे-धीरे दोस्ती से रिश्ता शादी के प्रस्ताव तक पहुंचा। महिला को पूर्व पति से 5 करोड़ की कम्पनसेंस राशि प्राप्त हुई थी, और वह बच्चों के लिए माइंडफुलनेस और स्पिरिचुअलिटी प्रोग्राम का व्यवसाय शुरू करने की योजना बना रही थी। जब यह जानकारी आरोपी को मिली, तो उसने पीड़िता को विश्वास में लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापार बढ़ाने और फंडिंग दिलवाने का झांसा दिया।

Oplus_16777216

इस दौरान आरोपी ने अपने दो कथित सहयोगी – इव्हॉन हँन्दयानी और विन्सेंट कुआण – को सिंगापुर निवासी बताकर सीटी बैंक सिंगापुर और भारत की विभिन्न बैंकों में करीब ₹3,60,18,540 जमा करवाए।बाद में आरोपी ऑस्ट्रेलिया चला गया और स्वास्थ्य खराब होने की झूठी कहानी सुनाकर पीड़िता से संपर्क बंद कर दिया। सितंबर 2024 में विन्सेंट कुआण ने पीड़िता को ईमेल कर बताया कि “डॉ. रोहित ओबेरॉय” की मृत्यु हो चुकी है। इसके बाद जब महिला को संदेह हुआ और उसने पड़ताल की, तब उसे ठगी का एहसास हुआ

महिला ने नवंबर 2024 में NCRP पोर्टल व 1930 नंबर पर शिकायत दर्ज की। इसके बाद सायबर पोलीस ठाणे, पुणे ने अपराध क्रमांक 809/2024 अंतर्गत IPC व IT Act की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।

 

जांच के दौरान, पुलिस निरीक्षक स्वप्नाली शिंदे व टीम द्वारा पाया गया कि आरोपी का असली नाम अभिषेक शुक्ला है, जो लखनऊ का निवासी है और वर्तमान में पर्थ (ऑस्ट्रेलिया) में रहता था। उसके नाम पर लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी किया गया। इसके बाद 25 जून को आरोपी जब सिंगापुर से मुंबई आया, तो मुंबई एअरपोर्ट पर उसे हिरासत में लिया गया। वर्तमान में आरोपी पोलिस कस्टडी रिमांड में है।

 

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने Shaadi.com पर फेक प्रोफाइल से 3,194 महिलाओं को संपर्क किया था। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कितनी और महिलाओं के साथ उसने ऐसा आर्थिक फर्जीवाड़ा किया है।

 

यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त अमितेशकुमार (पुणे शहर), पुलिस सह आयुक्त रंजनकुमार शर्मा, अपर पुलिस आयुक्त (अपराध) पंकज देशमुख, पुलिस उप आयुक्त (आर्थिक व साइबर अपराध) विवेक मासाळ, तथा सहायक पुलिस आयुक्त श्री मच्छिंद्र खाडे के मार्गदर्शन में स्वप्नाली शिंदे (वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक, साइबर पुलिस स्टेशन, पुणे शहर),सुशिल डमरे (पुलिस उप निरीक्षक),तथा सहयोगी स्टाफ: पुलिस हवलदार बाळासो चव्हाण,संदीप मुंढे,नवनाथ कोंडे, सतीश मांढरे, पुलिस सिपाही संदीप यादव ,संदीप पवार, अमोल कदम, सचिन शिंदे की टीम ने यह कारवाई की।

 

पुणे पुलिस की नागरिकों से अपील:

यदि Shaadi.com प्रोफाइल नं. SH87341231 से “डॉ. रोहित ओबेरॉय” नामक व्यक्ति द्वारा आपके साथ भी आर्थिक ठगी की गई है, तो कृपया तत्काल साइबर पुलिस थाना, पुणे शहर के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक स्वप्नाली शिंदे से इस नंबर पर 7058719371 / 7058719375 संपर्क कर सकते है।

जो महिलाएं मैट्रिमोनियल साइट्स पर प्रोफाइल बनाती हैं, उन्हें सलाह दी जाती है कि सामने वाले व्यक्ति की पृष्ठभूमि की पूर्ण जांच करें। किसी भी प्रकार के आर्थिक व्यवहार से पहले पूरी सतर्कता बरतें।

यदि कोई व्यक्ति विदेश में रहने का दावा करता है और भारत आने पर कहता है कि उसे कस्टम विभाग ने रोक लिया है तथा उसे छुड़ाने के लिए रकम भेजने की मांग करता है, तो यह एक आम साइबर ठगी का तरीका है। महिलाएं ऐसी कहानियों में विश्वास न करें और किसी भी कीमत पर राशि न भेजें।

किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल रिपोर्ट करें: राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल: https://cybercrime.gov.in, हेल्पलाइन नंबर: 1930 / 1945

Exit mobile version