Site icon Jan Bharat Samachar

मध्य रेल, पुणे मंडल पर मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक संपन्न

Spread the love

पुणे . मध्य रेल के पुणे मंडल में मंडल रेल प्रबंधक श्री राजेश कुमार वर्मा के मार्गदर्शन में मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की 107वीं बैठक का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक एवं अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी श्री पद्मसिंह जाधव ने अपने संबोधन में गृह मंत्रालय, राजभाषा विभाग द्वारा जारी वार्षिक कार्यक्रम 2025-2026 में निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने समिति के सदस्यों को राजभाषा के अधिकाधिक प्रयोग के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया और सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दैनिक कार्य हिंदी में करने हेतु प्रोत्साहित किया।

इस बैठक में मध्य रेल मुख्यालय, मुंबई से उप महाप्रबंधक (राजभाषा) डॉ. विभावरी गोरे की गरिमामयी उपस्थिति रही। डॉ. गोरे ने अपने उद्बोधन में कहा कि यदि हिंदी में कार्य करने में कठिनाई होती है तो सी-डैक द्वारा विकसित आधुनिक तकनीकों जैसे ‘कंठस्थ’, ‘लीला’ और ‘भाषिनी’ का सहयोग लिया जा सकता है, जिससे राजभाषा का प्रयोग सरल एवं सहज हो सके। बैठक के दौरान स्टेशन प्रबंधक श्री एस. जे. कुंभार को रेल मंत्रालय द्वारा हिंदी में उत्कृष्ट कार्य के लिए दिए जाने वाले पुरस्कार हेतु चयनित किया गया। उन्हें श्री पद्मसिंह जाधव के कर-कमलों से प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसी प्रकार, गृह मंत्रालय, राजभाषा विभाग की हिंदी शिक्षण योजना के अंतर्गत हिंदी टंकण परीक्षा में सफल कर्मचारियों को भी प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।बैठक का सफल संचालन वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री जितेंद्र सिंह द्वारा किया गया।

Exit mobile version