मुख्यमंत्री किसान खेत-पानंद सड़क योजना के तहत पुणे जिले में गुणवत्तापूर्ण सड़कें बनेंगी: उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार

पुणे, 12 जून। राज्य की उपमुख्यमंत्री एवं पुणे जिले की पालकमंत्री सुनेत्रा अजित पवार ने निर्देश दिए हैं कि मुख्यमंत्री बलीराजा खेत-पानंद सड़क योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए विधानसभा क्षेत्र स्तरीय समितियों में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों को भी शामिल किया जाए। उन्होंने कहा कि जिले में अधिक से अधिक खेत एवं पानंद सड़कें बनाई जाएंगी तथा इसके लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
विधानभवन के झुंबर सभागार में आयोजित मुख्यमंत्री बळीराजा खेत-पानंद सड़क योजना की जिला स्तरीय कार्यकारी समिति की बैठक में उन्होंने कहा कि खेत तक पहुंचने वाले रास्ते किसानों की सबसे महत्वपूर्ण आवश्यकताओं में से एक हैं। यह योजना किसानों के जीवन में बड़ा बदलाव लाएगी और उन्हें गुणवत्तापूर्ण सड़क सुविधा उपलब्ध कराएगी। सड़क निर्माण पूरा होने के बाद किसानों की परिवहन संबंधी समस्याएं दूर होंगी और उनमें संतोष की भावना पैदा होगी। उन्होंने सभी संबंधित विभागों से गुणवत्तापूर्ण एवं टिकाऊ सड़क निर्माण के लिए समन्वय से कार्य करने का आह्वान किया।
उपमुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि योजना की प्रगति की समीक्षा के लिए प्रत्येक माह बैठक आयोजित की जाए तथा जिला स्तरीय कार्यकारी समिति की अगली बैठक में जिले के सभी विधायकों को आमंत्रित किया जाए।
बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष वीरधवल जगदाळे ने सुझाव दिया कि विधानसभा क्षेत्र स्तरीय समितियों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों को भी शामिल किया जाए, जिससे योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके। उन्होंने सड़क निर्माण कार्य में पूर्ण सहयोग का आश्वासन भी दिया।
बैठक में विधायक शंकर मांडेकर, जिलाधिकारी जितेंद्र डुडी, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गजानन पाटील, उपजिलाधिकारी डॉ. चारुशिला देशमुख, सार्वजनिक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता अमोल पवार तथा जिला स्तरीय कार्यकारी समिति के सदस्य उपस्थित थे।
जिलाधिकारी जितेंद्र डुडी ने योजना की प्रगति पर संगणकीय प्रस्तुतीकरण देते हुए बताया कि समिति द्वारा ठेकेदारों का पैनल, एल-1 निविदा दरें तथा माप-जोख पूरी होने के बाद 505 सड़कों का चयन किया गया है। उन्होंने जानकारी दी कि जिन सड़कों की माप प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, उन पर अगले एक सप्ताह के भीतर निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।


