केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने अनंतराव थोपटे के परिवार से की सांत्वना भेंट

पुणे। महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री, पुणे जिले के लंबे समय तक पालकमंत्री रहे तथा सहकार, दुग्ध व्यवसाय और चीनी उद्योग क्षेत्र के अनुभवी नेता स्वर्गीय अनंतरावजी थोपटे के निधन के बाद केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री तथा रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आरपीआई) के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामदास आठवले ने उनके परिवार से सांत्वना भेंट की।
इस अवसर पर भोर-वेल्हा (राजगढ़)-मुळशी क्षेत्र के पूर्व विधायक संग्रामदादा थोपटे, पुणे महानगरपालिका के उपमहापौर परशुराम वाडेकर, रिपाई नेता बालासाहेब जानराव, पुणे शहर अध्यक्ष संजय सोनवणे, युवा नेता पृथ्वीराज थोपटे सहित पुणे शहर एवं पुणे ग्रामीण जिले के रिपब्लिकन पार्टी के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्वर्गीय अनंतराव थोपटे को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके सामाजिक और राजनीतिक योगदान को स्मरण किया। पुणे के बालगंधर्व सभागार में आयोजित इस मुलाकात के दौरान केंद्रीय मंत्री आठवले ने स्वर्गीय अनंतराव थोपटे को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिवारजनों को ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि अनंतराव थोपटे ने सहकार, कृषि और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है, जिसे हमेशा याद रखा जाएगा।



