श्री गुरु तेग बहादुर जी की 350वीं शहादत पर डाक विभाग का विशेष प्रेज़ेंटेशन पैक जारी

पुणे: धर्मस्वतंत्रता और मानवाधिकारों की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले ‘हिंद दी चादर’ श्री गुरु तेग बहादुर जी की 350वीं शहादत वर्षगांठ के अवसर पर महाराष्ट्र शासन के डाक विभाग द्वारा एक विशेष प्रेज़ेंटेशन पैक जारी किया गया। इसका औपचारिक विमोचन गुरुवार सायंकाल पुणे में सम्पन्न हुआ।
यह प्रेज़ेंटेशन पैक का अनावरण पुणे महानगरपालिका में आयोजित कार्यक्रम में महापौर मंजुषा नागपुरे के हाथों किया गया। इस अवसर पर उपमहापौर परशुराम वाडेकर प्रमुख रूप से उपस्थित रहे थे। इसके साथ ही सिख गुरुद्वारा एसोसिएशन के अध्यक्ष सरदार संतसिंहजी मोखा, गुरुद्वारा गुरु नानक दरबार के अध्यक्ष सरदार चरणजीतसिंह साहनी, सिंह सभा देहूरोड के अध्यक्ष सरदार गुरमीतसिंह रट्टू, गुरुद्वारा सिंह सभा के अध्यक्ष सरदार भोला सिंह अरोड़ा सहित एन. पी. सिंह बक्षी, एस. एस. लबाना, बलजीत सिंह, शक्ति सिंह कल्याणी तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित थे। पुणे महानगरपालिका और जिलाधिकारी कार्यालय के अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
इस अवसर पर महापौर और उपमहापौर ने सिख समाज, लबाना समाज, शिकलीकर समाज, बंजारा समाज, सिंधी समाज, वाल्मीकि समाज एवं अन्य अल्पसंख्यक समाजों के पदाधिकारियों को आगामी “हिंद दी चादर – श्री गुरु तेग बहादुर जी 350वां शहादत समागम” के आयोजन हेतु आमंत्रित किया।
यह शहादत समागम 28 फरवरी से 1 मार्च के दौरान ओवे मैदान, नवी मुंबई में आयोजित किया जाएगा, जिसमें राज्यभर से तथा देश के अन्य हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और समाजबंधुओं के शामिल होने की अपेक्षा है। श्री गुरु तेग बहादुर जी द्वारा धर्म और मानवता की रक्षा के लिए दिए गए बलिदान की स्मृति में जारी यह प्रेज़ेंटेशन पैक उनके आदर्शों को नमन करता हुआ एक भावपूर्ण श्रद्धांजलि है।



