ताजा खबरब्रेकिंग न्यूज़शहर

‘महापौर के साथ चर्चा सत्र’ में नागरिकों ने रखीं समस्याएं, समाधान का दिया गया आश्वासन

भारत भारती पुणे द्वारा आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों ने लिया हिस्सा

Spread the love

पुणे : राष्ट्रीय एकता को समर्पित संस्था भारत भारती पुणे की ओर से ‘महापौर के साथ चर्चा सत्र’ का आयोजन एस.पी. महाविद्यालय के लेडी रमाबाई हॉल में किया गया। कार्यक्रम में पुणे की महापौर मंजुषा नागपुरे ने नागरिकों और विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा समाधान का आश्वासन दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कृष्णकुमार गोयल ने की। इस अवसर पर साधना राव, भारत भारती पुणे के अध्यक्ष अचल जैन, भारत भारती महाराष्ट्र प्रांत प्रभारी अतुल शेवडे, महाराष्ट्र सचिव धर्मेंद्र सिंह राजवाड़, पुणे सचिव समीर पंड्या सहित पुणे में विभिन्न राज्यों एवं समाजों का प्रतिनिधित्व करने वाले अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

कार्यक्रम का शुभारंभ महापौर मंजुषा नागपुरे और अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन से किया गया। विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में महापौर और प्रमुख अतिथियों के हाथों वृक्षारोपण भी किया गया।

इस दौरान अचल जैन ने महापौर मंजुषा नागपुरे, कार्यक्रम अध्यक्ष कृष्णकुमार गोयल और साधना राव का सम्मान किया। भारत भारती द्वारा किए गए सर्वेक्षण पर आधारित एक विशेष निर्देशिका (डायरेक्टरी) का भी विमोचन किया गया।

चर्चा सत्र में पुणे शहर में रहने वाले विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों ने अपने क्षेत्र की समस्याएं और मुद्दे महापौर के समक्ष रखे। महापौर मंजुषा नागपुरे ने सभी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनते हुए संतोषजनक उत्तर दिए और भविष्य में कई योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू करने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि जब तक वे महापौर के पद पर हैं, तब तक किसी भी समाज को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

साधना राव ने उपस्थित लोगों का स्वागत करते हुए भारत भारती की भूमिका और उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। वहीं अचल जैन ने संस्था के कार्यों और भविष्य की योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भारत भारती सभी समाजों की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगी।

अध्यक्षीय संबोधन में कृष्णकुमार गोयल ने भारत भारती के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था समाजहित और जनसमस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कार्य कर रही है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से भारत भारती से जुड़ने और सामाजिक हित के कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

महाराष्ट्र सचिव धर्मेंद्र सिंह राजवाड़ ने आगामी पंचम राष्ट्रीय अधिवेशन में सभी नागरिकों से सहभागी बनने की अपील की।

कार्यक्रम का संचालन रीटा गांधी ने किया, जबकि समीर पंड्या ने उपस्थित सभी अतिथियों और नागरिकों का आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!