पुणे में हाई अलर्ट: 1:11 बजे पुणे महापौर कार्यालय, 3:11 बजे विधान भवन और संघ कार्यालय को बम से उड़ने की चेतावनी
खालिस्तान के नाम पर धमकी भरा सनसनीखेज ई-मेल

पुणे: पुणे महापौर कार्यालय के आधिकारिक ई-मेल आईडी पर बम विस्फोट की धमकी वाला ई-मेल मिलने से प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। ई-मेल में पुणे महापौर कार्यालय, नागपुर के कुछ महत्वपूर्ण स्थानों तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के मुख्यालय को निशाना बनाने की चेतावनी दिए जाने का दावा किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, धमकी भरे ई-मेल में आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) का उल्लेख किया गया है। साथ ही कुछ विशेष तारीखों और समय का भी जिक्र किया गया है, जिससे सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। ई-मेल मिलते ही स्थानीय पुलिस, बम निरोधक दस्ता और साइबर पुलिस ने जांच शुरू कर दी।
ई-मेल भेजने वाले का पता लगाने, उसके पीछे किसी व्यक्ति या संगठन की भूमिका की जांच करने तथा धमकी की सत्यता की पुष्टि के लिए विशेष जांच टीमों को लगाया गया है। पुलिस और साइबर विशेषज्ञ ई-मेल के तकनीकी स्रोत का पता लगाने में जुटे हैं।
प्राथमिक जांच के दौरान किसी भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि एहतियात के तौर पर संबंधित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और निगरानी बढ़ा दी गई है।
इस बीच पुलिस ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। साथ ही किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने का आग्रह किया है। मामले की जांच जारी है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।



