पुणे और घाट क्षेत्रों में मानसून ने पकड़ी जोर,कल के लिए रेड अलर्ट जारी

पुणे:पुणे और आसपास के घाट क्षेत्रों में मानसून ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। मौसम रडार के अनुसार लोनावला, खंडाला, ताम्हिणी घाट, दावडी और कुंडलिका घाट क्षेत्रों में लगातार सक्रिय वर्षा पट्टियों के कारण भारी बारिश हो रही है। वहीं पुणे शहर में भी मध्यम से तेज बारिश का सिलसिला जारी है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कल के लिए पुणे के घाट क्षेत्रों में रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग ने अत्यधिक भारी वर्षा की संभावना जताते हुए लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
मौसम विभाग के अनुसार, लगातार बारिश के कारण घाट मार्गों पर भूस्खलन, जलभराव, चट्टानें गिरने और दृश्यता कम होने का खतरा बना हुआ है। प्रशासन ने विशेष रूप से घाट क्षेत्रों से गुजरने वाले यात्रियों और पर्यटकों को मौसम की स्थिति देखकर ही यात्रा करने की सलाह दी है।



