ताजा खबरब्रेकिंग न्यूज़शहर

सेवा कार्य के प्रति समाज में संवेदनशीलता पैदा हो : सचिन भोसले

देवेंद्र फडणवीस के जन्मदिन पर क्रिएटिव फाउंडेशन ने सेवा आरोग्य फाउंडेशन को मरीजों के उपयोगी साहित्य भेंट किए

Spread the love

पुणे : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पुणे महानगर कार्यवाह सचिन भोसले ने कहा कि समाज सेवा ही राष्ट्र सेवा है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपना मानकर की गई सेवा ही सच्ची समाज सेवा है। सेवा कार्य केवल आंकड़ों या लाभार्थियों की संख्या तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि समाज में सेवा के प्रति संवेदनशीलता और सहभागिता की भावना निर्माण होना आवश्यक है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के जन्मदिन के अवसर पर क्रिएटिव फाउंडेशन की ओर से सेवा कार्य के एक हिस्से के रूप में सेवा आरोग्य फाउंडेशन को मरीजों के उपयोगी साहित्य भेंट किए गए। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सचिन भोसले बोल रहे थे। उन्होंने सेवा आरोग्य फाउंडेशन के दस वर्षों के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि संस्था का सेवाकार्य समाज के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य का अर्थ केवल बीमारी का अभाव नहीं, बल्कि शारीरिक, मानसिक और सामाजिक रूप से पूर्ण स्वस्थ होना है। इसी उद्देश्य को लेकर सेवा आरोग्य फाउंडेशन निरंतर कार्य कर रहा है।
क्रिएटिव फाउंडेशन के अध्यक्ष संदीप खर्डेकर ने कहा कि सेवा आरोग्य फाउंडेशन के निस्वार्थ कार्य को देखते हुए उनकी संस्था ने भविष्य में भी हरसंभव सहयोग करने का संकल्प लिया है। उन्होंने समाज के अन्य दानदाताओं से भी इस सेवाकार्य में योगदान देने की अपील की। उन्होंने बताया कि पंचकोश की अवधारणा के माध्यम से पिछले दस वर्षों से संस्था जरूरतमंद और वंचित वर्ग के लोगों को स्वस्थ एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिए कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि अन्नमय कोश के अंतर्गत बस्तियों में साप्ताहिक दवाखाने, स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सा शिविर आयोजित किए जाते हैं। प्राणमय कोश के माध्यम से फिजियोथेरेपी सेवाएं, मनोमय कोश के अंतर्गत ‘सांगाती’ और परामर्श के माध्यम से विद्यार्थियों एवं महिलाओं में भय, निराशा और तनाव दूर करने के प्रयास किए जाते हैं। वहीं विज्ञानमय कोश के माध्यम से बौद्धिक विकास के लिए विभिन्न उपक्रम तथा आनंदमय कोश के माध्यम से आत्मिक संतोष और स्वावलंबन के कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में वारजे-कर्वेनगर प्रभाग समिति की अध्यक्ष मंजुश्री खर्डेकर, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संभाजी भाग कार्यवाह रवि लाटे, नगरसेवक राजाभाऊ बराटे, नगरसेविका रेश्माताई बराटे, सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. नरेंद्र खेनट, सेवा आरोग्य फाउंडेशन के संचालक मनोज देशमुख, डॉ. हर्षदा पाध्ये, कार्यालय प्रमुख बापू शिंदे, क्रिएटिव फाउंडेशन के विश्वस्त प्रतीक खर्डेकर, समीर ताडे सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।
मंजुश्री खर्डेकर ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को महाराष्ट्र के विकास पुरुष के रूप में संबोधित करते हुए उनके नेतृत्व में राज्य की प्रगति का उल्लेख किया। उन्होंने फडणवीस के दीर्घायु एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सेवा आरोग्य फाउंडेशन के संचालक मनोज देशमुख ने संस्था की जानकारी देते हुए बताया कि कोथरूड, कर्वेनगर, वारजे और उत्तमनगर क्षेत्र की 26 सेवा बस्तियों में विभिन्न उपक्रम संचालित हैं। 21 साप्ताहिक दवाखानों के माध्यम से अब तक करीब एक लाख आठ हजार मरीजों ने लाभ लिया है। इसके अलावा तीन आयुर्वेदिक दवाखानों से 9,628 तथा पांच फिजियोथेरेपी केंद्रों से 6,900 मरीज लाभान्वित हुए हैं। संस्था की ओर से नेत्र जांच शिविर और ओपीडी सेवाओं का लाभ भी जरूरतमंदों को मिल रहा है।
नगरसेवक राजाभाऊ बराटे और नगरसेविका रेश्माताई बराटे ने क्रिएटिव फाउंडेशन के कार्य की सराहना करते हुए भविष्य में ऐसे सेवाकार्यों में सहभागी होने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम का संयोजन प्रतीक खर्डेकर ने किया। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे सेवा उपक्रम निरंतर आयोजित करने की बात कही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!