पुणे में पसंदीदा वाहन नंबर अब घर बैठे बुक करें, 9 जून से शुरू होगी फेसलेस सेवा
पुणे, 8 जून : प्रादेशिक परिवहन कार्यालय (आरटीओ), पुणे ने नई दोपहिया वाहनों के लिए आकर्षक और पसंदीदा पंजीकरण (फैंसी) नंबर आरक्षित करने की फेसलेस (ऑनलाइन) सेवा शुरू करने की घोषणा की है। यह सेवा आज 9 जून से दोपहर 12 बजे से शुरू होगी। आरटीओ प्रशासन के अनुसार, यह सुविधा पूरी तरह ऑनलाइन होगी और इसके लिए कार्यालय में किसी भी प्रकार का ऑफलाइन शुल्क स्वीकार नहीं किया जाएगा। नागरिक अपने घर से ही ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे। इच्छुक वाहन मालिक फैंसी नंबर पोर्टल के माध्यम से अपनी पसंद का पंजीकरण नंबर आरक्षित कर सकते हैं। आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी के जरिए पंजीकरण प्रक्रिया पूरी की जाएगी। नई शुरू होने वाली ‘एमएच-12 जेडयू’ (MH-12 ZU) श्रृंखला के पसंदीदा पंजीकरण नंबर इस ऑनलाइन सेवा के माध्यम से आरक्षित किए जा सकेंगे। उप प्रादेशिक परिवहन अधिकारी, पुणे द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में नागरिकों से इस डिजिटल और पारदर्शी सुविधा का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की गई है।



