ताजा खबरब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रशहर

राज्य उत्पाद शुल्क विभाग की बड़ी कार्रवाई, 1.35 करोड़ रुपये से अधिक का अवैध शराब व वाहन जब्त

Spread the love

पुणे, 11 जून। राज्य उत्पाद शुल्क विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 1 करोड़ 35 लाख 99 रुपये मूल्य का अवैध माल जब्त किया है। इसमें 1 करोड़ 20 लाख 96 हजार रुपये मूल्य की विदेशी शराब, 15 लाख रुपये का कंटेनर वाहन तथा अन्य सामग्री शामिल है। यह जानकारी राज्य उत्पाद शुल्क अधीक्षक अतुल कानडे ने दी।

उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई राज्य उत्पाद शुल्क आयुक्त डॉ. राजेश देशमुख, सह आयुक्त (प्रवर्तन एवं सतर्कता) प्रसाद सुर्वे तथा पुणे विभाग के उप आयुक्त सागर धोमकर के निर्देश पर की गई।

पुणे-मुंबई महामार्ग पर हवेली तालुका के सुतारवाड़ी (पाषाण) क्षेत्र में एक कंटेनर वाहन की जांच के दौरान उसमें गोवा निर्मित विदेशी शराब के 1,200 बॉक्स बरामद किए गए। जांच में पाया गया कि “Royal Select Deluxe Whisky” ब्रांड की शराब पर मध्य प्रदेश में बिक्री के लिए नकली लेबल लगाए गए थे। वाहन से 180 मिलीलीटर क्षमता की कुल 10,368 बल्क लीटर शराब जब्त की गई।

जांच के दौरान चालक वैध परिवहन परमिट प्रस्तुत नहीं कर सका। उसने कंट्रोल पैनल, खाली बॉक्स और टैक्स इनवॉइस सहित कुछ दस्तावेज प्रस्तुत किए, जो प्रथम दृष्टया फर्जी और संदिग्ध पाए गए।

इस मामले में वाहन चालक को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध महाराष्ट्र दारूबंदी अधिनियम, 1949 की विभिन्न धाराओं 65(अ)(ई), 80, 83, 86, 90 और 108 के तहत मामला दर्ज किया गया है। जब्त शराब के नमूने रासायनिक परीक्षण के लिए भेजे गए हैं तथा यह जांच की जा रही है कि शराब नकली तो नहीं है।

इस कार्रवाई को राज्य उत्पाद शुल्क निरीक्षक संदीप कदम एवं उनकी टीम ने अंजाम दिया।

अधीक्षक अतुल कानडे ने नागरिकों से अपील की है कि वे अवैध देसी शराब से दूर रहें तथा यदि किसी को अवैध शराब के कारोबार की जानकारी हो तो वह विभाग के टोल फ्री नंबर 18002339999 अथवा 020-26917321 पर संपर्क कर सूचना दे सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!