ताजा खबरदेश / विदेशब्रेकिंग न्यूज़

केतन हत्याकांड में साहिल की एंट्री, सिया की बढ़ीं मुश्किलें

Spread the love

कई राज खुलने की उम्मीद, पुलिस कर रही पूछताछ

 

पुणे, 26 जून: बहु चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच में अब एक नया और महत्वपूर्ण मोड़ सामने आया है। इस हाई-प्रोफाइल मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी सिया गोयल के भाई साहिल गोयल को पूछताछ के लिए बुलाया है। जांच एजेंसियों का मानना है कि साहिल का बयान इस मामले की कई अहम कड़ियों को जोड़ सकता है।
सूत्रों के अनुसार, साहिल को सिया गोयल और चेतन चौधरी के प्रेम संबंधों की जानकारी थी। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि क्या उसने यह बात परिवार के अन्य सदस्यों को भी बताई थी या नहीं। इसी संबंध में उससे विस्तृत पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधिकारी यह भी जानने की कोशिश कर रहे हैं कि परिवार के बीच रहते हुए सिया की मानसिक स्थिति कैसी थी, उसके प्रेम संबंधों और प्रस्तावित विवाह को लेकर परिवार में किस प्रकार की चर्चाएं होती थीं तथा परिवार के अन्य सदस्यों को इन संबंधों की जानकारी थी या नहीं। सूत्रों का कहना है कि जांच एजेंसियों को कुछ महत्वपूर्ण इनपुट मिले हैं, जिनसे संकेत मिलता है कि साहिल को सिया और चेतन की नजदीकियों की जानकारी थी। हालांकि, पुलिस ने इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा।
इस बीच पुलिस पूछताछ में एक और महत्वपूर्ण खुलासा हुआ है। जांच अधिकारियों के अनुसार, सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी ने पूछताछ के दौरान हत्या की पूरी साजिश का सिलसिलेवार विवरण दिया है।
पुलिस के अनुसार, 18 जून को लोहगढ़ पहुंचने से पहले ही दोनों ने हत्या की योजना बना ली थी। तय योजना के मुताबिक, एक निश्चित स्थान पर बैठने के बाद सिया, चेतन को इशारा करेगी। इशारा मिलते ही चेतन पीछे से आकर केतन अग्रवाल को अचानक धक्का देकर गहरी खाई में गिरा देगा। पुलिस का दावा है कि दोनों ने इसी योजना को अंजाम दिया और केतन को अंतिम क्षण तक किसी प्रकार का संदेह नहीं हुआ। उसे कुछ समझ में आता, उससे पहले ही उसे खाई में धक्का दे दिया गया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि साहिल गोयल का बयान इस सनसनीखेज हत्याकांड के कई अनसुलझे रहस्यों से पर्दा उठा सकता है।

बॉक्स खबर
“अगर हमारी बेटी दोषी है तो उसे फांसी दी जाए” — सिया की मां
पुणे: केतन अग्रवाल हत्याकांड में लगातार लग रहे आरोपों के बीच मुख्य आरोपी सिया गोयल की मां ने पहली बार भावुक प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि “होने वाले दामाद केतन ने हमें बेटे से भी बढ़कर प्यार दिया। यदि उसकी मौत के लिए हमारी बेटी जिम्मेदार साबित होती है, तो दोषियों को फांसी की सजा दी जाए।”
सिया के कथित प्रेम संबंधों पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, “हमें उसकी किसी प्रेम कहानी या उसके मन में क्या चल रहा था, इसकी कोई जानकारी नहीं थी। अगर हमें इसकी भनक होती, तो क्या मैं उसकी शादी की तैयारी में 50 हजार रुपये खर्च कर खरीदारी करती?”
सिया की मां ने यह भी कहा कि “अगर अग्रवाल परिवार के आरोप सही साबित होते हैं और हमारा परिवार दोषी पाया जाता है, तो सिर्फ सिया ही नहीं, पूरे गोयल परिवार को कानून के अनुसार सजा दी जाए।”
गौरतलब है कि केतन अग्रवाल के पिता का आरोप है कि सिया के प्रेम संबंधों की जानकारी उसके परिवार को पहले से थी, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने यह बात छिपाकर शादी की प्रक्रिया आगे बढ़ाई। हालांकि, सिया के परिवार ने इन आरोपों से इनकार किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!