अलायंस क्लब ऑफ पुणे, वीर तानाजी मंडल ट्रस्ट तथा आदर्श मंडल, कैंप द्वारा वारकरियों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच शिविर
1,500 से अधिक श्रद्धालुओं को मिला लाभ

पुणे, संत श्रेष्ठ ज्ञानेश्वर महाराज एवं जगद्गुरु संत तुकाराम महाराज की पालखी के अवसर पर शुक्रवार को अलायंस क्लब ऑफ पुणे, वीर तानाजी मंडल ट्रस्ट तथा आदर्श मंडल, कैंप के संयुक्त तत्वावधान में वारकरी श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क नेत्र एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में लगभग 1,500 से 1,600 वारकरी श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच की गई। जांच के बाद जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाइयों और चश्मों का वितरण किया गया। इसके साथ ही सभी श्रद्धालुओं के लिए वड़ा पाव, पेयजल, सुबह की चाय और नाश्ते की भी व्यवस्था की गई। करीब 1,500 ग्लास चाय श्रद्धालुओं को वितरित की गई।
शिविर में एस.वी. देसाई आई हॉस्पिटल तथा ताराचंद हॉस्पिटल के चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। डॉक्टरों और स्वयंसेवकों ने पूरे समर्पण के साथ वारकरियों की सेवा की।
इस अवसर पर अलायंस क्लब के रूपचंद सोनी, किशन अग्रवाल, जाखोटिया जी, हसमुख साखरिया, भरत कोठारी, मीठालाल जैन, महिंदर सिंह अजमानी, सुभाष धूमावत, उमेश जैन, किरण कोठारी, भरत जैन सहित बड़ी संख्या में महिला सदस्य उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन रूपचंद सोनी ने किया, जबकि चाय-नाश्ते की व्यवस्था को सफल बनाने में किशन अग्रवाल का विशेष योगदान रहा।
आयोजकों ने कहा कि वारकरी श्रद्धालुओं की सेवा ही सबसे बड़ा पुण्य है और भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्य निरंतर आयोजित किए जाएंगे।



