ताजा खबरब्रेकिंग न्यूज़शहर

बिटवाइज–मर्सिडीज बेंज क्षेत्र में फ्लाईओवर बनाने की मांग

तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने नितिन गडकरी को लिखा पत्र

Spread the love

पुणे : राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर बाणेर स्थित बिटवाइज कैंपस, मर्सिडीज-बेंज और सुमनकीर्ति शोरूम के आसपास लगातार बढ़ रही ट्रैफिक जाम की समस्या और दुर्घटनाओं के खतरे को देखते हुए यहां तत्काल फ्लाईओवर निर्माण की मांग की गई है। इस संबंध में महाराष्ट्र के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री तथा कोथरुड के विधायक चंद्रकांत पाटिल ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र भेजा है।

अपने पत्र में चंद्रकांत पाटिल ने बताया कि बिटवाइज कैंपस, मर्सिडीज-बेंज और सुमनकीर्ति शोरूम का क्षेत्र वर्तमान में पुणे शहर के सबसे अधिक ट्रैफिक प्रभावित स्थानों में से एक बन गया है। यहां मौजूद छोटा अंडरपास अपनी क्षमता से कहीं अधिक वाहनों का दबाव झेल रहा है, जिसके कारण रोजाना लंबा जाम लग रहा है। उन्होंने कहा कि भारी ट्रैफिक के कारण सड़क पार करने वाले पैदल यात्रियों की सुरक्षा भी गंभीर चिंता का विषय बन गई है। ऐसे में इस स्थान पर फ्लाईओवर का निर्माण समय की आवश्यकता है, जिससे यातायात सुगम हो सके और दुर्घटनाओं की आशंका कम हो।

उन्होंने बताया कि नरहे से रावेत तक का राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ को जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण आर्थिक कॉरिडोर है। इस मार्ग पर आईटी कंपनियों, शैक्षणिक संस्थानों, औद्योगिक क्षेत्रों और नई टाउनशिप के विकास के कारण वाहनों की संख्या लगातार बढ़ रही है। जो सड़क पहले बायपास के रूप में विकसित की गई थी, वह अब स्थानीय यातायात का भी प्रमुख मार्ग बन चुकी है। ऐसे में मौजूदा छह लेन और सर्विस रोड बढ़ते ट्रैफिक के लिए अपर्याप्त साबित हो रहे हैं। चंद्रकांत पाटिल ने पत्र में उल्लेख किया कि स्थानीय नागरिकों, उद्योग जगत और व्यापारिक संगठनों की ओर से लंबे समय से इस स्थान पर फ्लाईओवर निर्माण की मांग की जा रही है, ताकि ट्रैफिक जाम की समस्या का स्थायी समाधान हो सके और लोगों की यात्रा सुरक्षित एवं सुगम बन सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!