ताजा खबरब्रेकिंग न्यूज़शहर

केशव माधव ट्रस्ट द्वारा 40 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान

शैक्षणिक सामग्री और नकद पुरस्कार वितरित

Spread the love

पुणे: प्रतिकूल परिस्थितियों का सामना करते हुए इस वर्ष बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 40 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान केशव माधव ट्रस्ट की ओर से सम्मानित किया गया। इसका सम्मान समारोह एरंडवणे स्थित छत्रे सभागृह में आयोजित में किया गया। विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र, शैक्षणिक सामग्री, नकद प्रोत्साहन राशि और प्रेरणादायी पुस्तकें भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कर्वेनगर संघचालक एवं ज्ञानदा प्रतिष्ठान के अध्यक्ष उदयन पाठक ने की। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के छत्रपति संभाजी भाग के भागसंघचालक अनिल व्यास मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
मुख्य वक्ता एवं भौतिक विज्ञान के प्रख्यात अध्यापक हरिभाऊ धोंडो गोखले ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन में बड़े सपने देखें और उन्हें पूरा करने के लिए पूरी लगन और मेहनत से जुट जाएं। असफलताओं से घबराने के बजाय उन्हें सीख के रूप में स्वीकार करें। शिक्षा के माध्यम से न केवल अपना बल्कि समाज का भविष्य भी संवारें और ऐसा कार्य करें जिस पर माता-पिता को गर्व हो।

उन्होंने कहा कि समाज में मदद करने वाले लोगों की कमी नहीं है, लेकिन जरूरतमंद और योग्य विद्यार्थियों तक सहायता पहुंचना सबसे अधिक महत्वपूर्ण है। केशव माधव ट्रस्ट कई वर्षों से सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए शिक्षा के क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रहा है।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में उदयन पाठक ने कहा कि विद्यार्थियों में शिक्षा के साथ-साथ अच्छे संस्कार, अनुशासन, नैतिक मूल्य, माता-पिता के प्रति सम्मान और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना भी विकसित होनी चाहिए। यही गुण उन्हें एक आदर्श नागरिक बनाते हैं।

कार्यक्रम में ट्रस्ट के सचिव अरविंद देशपांडे ने संस्था की विभिन्न सामाजिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि ट्रस्ट हर वर्ष दसवीं और बारहवीं के मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान करता है।

इस अवसर पर सभी विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र, प्रोत्साहन राशि, शैक्षणिक सामग्री, ‘सेवा सहयोग’ की ओर से स्कूल किट तथा प्रवीण दवणे की पुस्तक ‘जिद्दीची गुरुकिल्ली’ और स्वर्णलता भिशीकर की पुस्तक ‘उजळती वाट’ भेंट की गई। सम्मानित विद्यार्थियों में ज्ञानदा प्रशाला, ग.रा. पालकर विद्यालय और सरस्वती विद्या मंदिर के मेधावी छात्र-छात्राएं शामिल थे।

समारोह में विशेष रूप से छात्रा खुशी लाळे का सम्मान किया गया। आर्थिक रूप से अत्यंत विपरीत परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने 12वीं कक्षा में 93 प्रतिशत अंक प्राप्त किए और गोखले इंस्टीट्यूट में अर्थशास्त्र विषय में उच्च शिक्षा के लिए प्रवेश लिया। ट्रस्ट ने उनकी शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता भी प्रदान की।

कार्यक्रम के दौरान प्रकाश बापट ने विद्यार्थियों को कौशल विकास आधारित पाठ्यक्रमों तथा दसवीं और बारहवीं के बाद उपलब्ध विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं की जानकारी दी। विद्यार्थियों की ओर से खुशी लाळे और अंजुम सैयद ने अपने विचार व्यक्त करते हुए संस्था के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन प्रशांत कुलकर्णी ने किया तथा अंत में वंदे मातरम् के साथ समारोह का समापन हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!