ताजा खबरब्रेकिंग न्यूज़मनोरंजनशहर

कंटेनर की टक्कर से बाधित भोसरी का बिजली आपूर्ति बहाल

महावितरण ने युद्धस्तर पर किया गया मरम्मत कार्य

Spread the love

पुणे, : भोसरी औद्योगिक क्षेत्र में कंटेनर की जोरदार टक्कर से बाधित हुई महावितरण की बिजली आपूर्ति को युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य करते हुए सोमवार शाम 5 बजे पूरी तरह बहाल कर दिया गया। महावितरण के अधिकारियों और कर्मचारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए नया डबल पोल स्ट्रक्चर स्थापित किया और फीडर क्रमांक 12 एफ-2 तथा 16 जे-2 की बिजली आपूर्ति सुचारू कर दी।
यह दुर्घटना रविवार (9 अगस्त) सुबह करीब 11.40 बजे टाटा मोटर्स शोरूम के पीछे स्थित घुमावदार सड़क पर हुई। 10 टन क्षमता वाला कंटेनर क्रमांक एमएच 12 एचडी 0299 तेज गति में अनियंत्रित होकर महावितरण की हाई वोल्टेज लाइन के डबल पोल स्ट्रक्चर से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पोल मुड़ गया और कंटेनर उसमें फंस गया। पोल पर लगे कंडक्टर आपस में चिपक जाने के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।

दुर्घटना के कारण फीडर क्रमांक 12 एफ-2 और 16 जे-2 से जुड़े क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। फीडर क्रमांक 16 जे-2 की बिजली आपूर्ति वैकल्पिक व्यवस्था के जरिए रविवार रात 12.57 बजे शुरू कर दी गई थी। हालांकि, क्षतिग्रस्त डबल पोल स्ट्रक्चर में फंसे कंटेनर को हटाने के लिए तीन क्रेन की आवश्यकता थी। रात में क्रेन उपलब्ध नहीं होने के कारण कंटेनर को हटाया नहीं जा सका।
सोमवार सुबह करीब 8 बजे क्रेन उपलब्ध होने के बाद 11 बजे कंटेनर को मौके से हटाया गया। इसके बाद महावितरण की टीम ने क्षतिग्रस्त पोल स्ट्रक्चर को हटाकर नया डबल पोल स्ट्रक्चर स्थापित किया। आवश्यक मरम्मत कार्य पूरा करने के बाद दोनों फीडरों की बिजली आपूर्ति शाम 5 बजे पूरी तरह बहाल कर दी गई।

इस दुर्घटना के कारण यशवंतनगर चौक से टाटा मटेरियल गेट के पीछे का क्षेत्र, वंडर कार शोरूम परिसर और जय मातादी कैंटीन परिसर में स्थित करीब 45 ट्रांसफॉर्मरों की बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई थी। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद इन सभी क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति भी अब सामान्य हो गई है।

तेज और लापरवाही से वाहन चलाकर महावितरण की विद्युत व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने तथा बिजली आपूर्ति बाधित करने के मामले में संबंधित कंटेनर चालक के खिलाफ एमआईडीसी पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!