‘दगडूशेठ’ गणपति मंदिर में 35 हजार महिलाओं का अथर्वशीर्ष पाठ और महाआरती
श्रीमंत दगडूशेठ हलवाई सार्वजनिक गणपति ट्रस्ट का आयोजन ; ऋषिपंचमी पर स्त्री शक्ति का भव्य जागरण

पुणे । “ॐ गं गणपतये नमः… ॐ नमस्ते गणपतये… मोरया… मोरया…” के गगनभेदी जयघोष के बीच पुणे के प्रसिद्ध श्रीमंत दगडूशेठ हलवाई गणपति मंदिर परिसर में गुरुवार को 35 हजार से अधिक महिलाएं एकत्र हुईं और सामूहिक रूप से अथर्वशीर्ष का पाठ किया। ऋषिपंचमी के पावन अवसर पर आयोजित इस अद्वितीय कार्यक्रम ने पूरे वातावरण को भक्तिरस और ऊर्जा से सराबोर कर दिया।
यह आयोजन श्रीमंत दगडूशेठ हलवाई सार्वजनिक गणपति ट्रस्ट और सुवर्णयुग तरुण मंडल की ओर से गणेशोत्सव के 133वें वर्ष के उपलक्ष्य में किया गया। इस अवसर पर खासदार सुनेत्रा पवार, पुणे विभाग की धर्मादाय सहआयुक्त रजनी क्षीरसागर, न्यायाधीश किरण क्षीरसागर, प्रसेनजीत फडणवीस, ट्रस्ट अध्यक्ष सुनील रासने, कोषाध्यक्ष महेश सूर्यवंशी सहित अनेक मान्यवर उपस्थित थे।
बारिश के बावजूद पारंपरिक परिधान में महिलाएं रात 2 बजे से ही सोहले में शामिल होने पहुंचने लगीं। यह उपक्रम लगातार 40वें वर्ष संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत शंखनाद से हुई, जिसके बाद ओंकार जप और “गजानना गजानना मंगलमूर्ति गजानना” भजन की प्रस्तुति ने वातावरण को और अधिक पवित्र बना दिया।
महिलाओं ने सामूहिक अथर्वशीर्ष पाठ करते हुए गणराय को नमन किया और “मोरया मोरया दगडूशेठ मोरया…” के जयघोष से परिसर गुंजायमान कर दिया। दगडूशेठ उत्सव मंडप से लेकर नाना वाड़ा तक के क्षेत्र में महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ी। कार्यक्रम का समापन महाआरती के साथ हुआ, जिसमें महिलाएं हाथ उठाकर तालियों की गड़गड़ाहट से गणपति बाप्पा का गुणगान करती रहीं।
इस अवसर पर सुनेत्रा पवार ने कहा कि केवल महाराष्ट्र ही नहीं, बल्कि भारत के अन्य हिस्सों से और विदेशों से भी महिलाएं इस कार्यक्रम में शामिल हुई हैं। उन्होंने प्रार्थना की कि गणेशजी के आशीर्वाद से सभी को स्वास्थ्य, प्रगति और समृद्धि प्राप्त हो।
कार्यक्रम का संचालन अर्चना भालेराव और प्रा. गौरी कुलकर्णी ने किया।
विदेशी अभिनेत्री की विशेष उपस्थिति
पुणे का गणेशोत्सव और श्रीमंत दगडूशेठ गणपति की ख्याति सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में है। इसी के चलते इटली की अभिनेत्री एना मारा ने भी इस अवसर पर उपस्थित होकर अथर्वशीर्ष पाठ में भाग लिया और गणेशोत्सव की भव्यता का अनुभव किया।