ताजा खबरब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रशहर
उपमहापौर की अध्यक्षता में अस्पतालों का निरीक्षण
बोपोडी स्थित संजय गांधी अस्पताल को अत्याधुनिक मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल के रूप में होगा विकसित

पुणे : शहर की स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुदृढ़ और गुणवत्तापूर्ण बनाने के उद्देश्य से उपमहापौर परशुराम वाडेकर की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अतिरिक्त आयुक्त पवनीत कौर, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नीना बोराडे, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव वावरे सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। इस बैठक में उपमहापौर परशुराम वाडेकर ने सभी संबंधित विभागों को त्वरित और प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए है। इस बैठक में पुणे महानगरपालिका के अंतर्गत आने वाले विभिन्न अस्पतालों में लंबित कार्यों, सेवा विस्तार, आवश्यक मरम्मत तथा बुनियादी सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इसके साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने हेतु कई अहम निर्णय लिए गए।
इस मौके पर बोपोडी स्थित संजय गांधी अस्पताल को पूर्ण रूप से महानगरपालिका द्वारा संचालित करते हुए इसे अत्याधुनिक मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया गया। वहीं, कै. द्रोपदाबाई मुरलीधर खेडेकर अस्पताल में नेत्र एवं दंत चिकित्सा सेवाएं शुरू करने के निर्देश दिए गए। औंध रोड स्थित कै. बाबुराव गेनबा शेवाळे अस्पताल की इमारत का पूर्ण उपयोग करते हुए आवश्यक मरम्मत और रखरखाव कर स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर सहमति बनी। साथ ही औंध कुटी अस्पताल के नवीनीकरण कर वहां की बुनियादी सुविधाओं को और मजबूत करने के आदेश दिए गए। बैठक में यह स्पष्ट किया गया कि गरीब एवं सामान्य नागरिकों को सुलभ, किफायती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना महानगरपालिका प्रशासन की प्राथमिकता है।



