रसिकलाल धारीवाल की स्मृति में 9वां वार्षिक रक्तदान शिविर उत्साह के साथ संपन्न

पुणे : आर. एम. धारीवाल फाउंडेशन द्वारा समाजसेवा की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए स्वर्गीय रसिकलाल धारीवाल के जन्मदिन के अवसर पर 9वां वार्षिक रक्तदान शिविर उत्साहपूर्ण माहौल में आयोजित किया गया। इस शिविर को नागरिकों का अभूतपूर्व प्रतिसाद मिला। समाज के विभिन्न वर्गों से आए लोगों के सहभाग के चलते करीब 350 रक्तदाताओं ने रक्तदान कर अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाई। इस शिविर की विशेष उपलब्धि यह रही कि दुर्लभ माने जाने वाले नेगेटिव ब्लड ग्रुप की 5 यूनिट रक्त का भी संकलन किया गया, जो आपातकालीन परिस्थितियों में अत्यंत उपयोगी साबित हो सकता है।
इस रक्तदान शिविर में के.ई.एम. अस्पताल, पूना अस्पताल, इनलैक्स अस्पताल और आर. एम. धारीवाल फाउंडेशन की ब्लड कलेक्शन वैन का सहयोग रहा। कार्यक्रम में मराठी अभिनेता सिद्धार्थ जाधव विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके साथ ही उद्योगपति पोपटलाल ओसवाल, प्रदीप राठी और आकाश राठी (लातूर अर्बन को-ऑप बैंक लिमिटेड के अध्यक्ष) ने भी शिविर का दौरा किया।

विशेष रूप से आकाश राठी ने स्वयं रक्तदान कर इस सामाजिक अभियान को समर्थन दिया। इसके अलावा पुणे के विभिन्न गणपति मंडलों के पदाधिकारी और शहर के कई प्रतिष्ठित नागरिक भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए।
कानून-व्यवस्था से जुड़े वरिष्ठ अधिकारियों ने भी कार्यक्रम में भाग लेकर इस सामाजिक पहल की सराहना की। सागर कवडे (डीसीपी मुख्यालय), विजयकुमार डोके (सीनियर पीआई, कोरेगांव पार्क) और कैलास गायकवाड़ (सहसचिव, महसूल विभाग) उपस्थित रहे। खास बात यह रही कि विजयकुमार डोके ने भी रक्तदान कर सामाजिक जिम्मेदारी का उदाहरण पेश किया।
इस अवसर पर आर. एम. धारीवाल फाउंडेशन द्वारा सामाजिक विकास से जुड़े उपक्रमों के तहत हरे कृष्ण मिशन पुणे, आर. एम. डी. स्कूल एंड कॉलेज रांजणगांव, साधु वासवानी मिशन, सिद्धातिशय क्षेत्र कुंडल और श्री आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर वाल्हे को चेक वितरित किए गए। उपस्थित लोगों को 6 फीट ऊंचाई के 150 देसी पौधे भी मुफ्त में दिए गए।
इसके साथ ही जान्हवी धारीवाल बालन की संकल्पना से तैयार वृक्ष पुर्नरोपण परियोजना पर आधारित एक विशेष डॉक्यूमेंट्री भी प्रदर्शित की गई।
मानव जीवन बचाने और समाजहित को ध्यान में रखते हुए आयोजित यह रक्तदान शिविर एकता, सेवा भावना और सामाजिक जिम्मेदारी को मजबूत करने वाला साबित हुआ। फाउंडेशन की अध्यक्षा जान्हवी धारीवाल बालन और उपाध्यक्षा शोभाताई धारीवाल ने भविष्य में इस पहल को और व्यापक रूप में जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।



