आरटीओ चौक पर ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव प्रस्तावित, नागरिकों से 6 जून तक मांगी गई आपत्तियां और सुझाव
पुणे। शहर के आरटीओ चौक परिसर में बढ़ती ट्रैफिक समस्या को नियंत्रित करने और यातायात को अधिक सुरक्षित एवं सुगम बनाने के उद्देश्य से बंडगार्डन ट्रैफिक विभाग द्वारा कुछ अस्थायी यातायात बदलाव प्रस्तावित किए गए हैं। इन प्रस्तावित बदलावों पर नागरिकों से सुझाव और आपत्तियां 6 जून 2026 तक मांगी गई हैं।
प्रस्तावित योजना के अनुसार, शाहीर अमर शेख चौक से आने वाले वाहनों को आरटीओ चौक से दाईं ओर मुड़कर येरवडा, रूबी हॉल तथा जहांगीर चौक की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। यह मार्ग बंद किया जाएगा।
इसके विकल्प के रूप में शाहीर अमर शेख चौक से आने वाले वाहन आरटीओ चौक से बाईं ओर मुड़कर लगभग 100 मीटर आगे जाकर संगम ब्रिज से पहले यू-टर्न लेकर येरवडा, रूबी हॉल और जहांगीर चौक की ओर जा सकेंगे।
इसके अलावा आरटीओ चौक स्थित कोको पेट्रोल पंप से संगम ब्रिज तक लगभग 300 मीटर के मार्ग को ‘नो पार्किंग ज़ोन’ घोषित करने का प्रस्ताव है, ताकि सड़क पर खड़े वाहनों के कारण ट्रैफिक बाधित न हो।
यातायात विभाग ने यह भी निर्देश दिया है कि इंजीनियरिंग कॉलेज चौक से संगम ब्रिज होते हुए आरटीओ की ओर आने वाले वाहन चालक पुल की बाईं लेन का उपयोग करें।
इन प्रस्तावित यातायात परिवर्तनों को लेकर नागरिक यदि कोई सुझाव या आपत्ति देना चाहते हैं, तो वे 6 जून 2026 तक पुलिस उपायुक्त, ट्रैफिक कंट्रोल शाखा, येरवडा पोस्ट ऑफिस, बंगला क्रमांक 6, एयरपोर्ट रोड, पुणे के पते पर लिखित रूप में भेज सकते हैं।
पुलिस उपायुक्त संदीप भाजीभाकरे ने बताया कि प्राप्त सुझावों और आपत्तियों पर विचार करने के बाद अंतिम आदेश जारी किया जाएगा। साथ ही फायर ब्रिगेड, पुलिस वाहन, एंबुलेंस जैसी अत्यावश्यक सेवाओं के वाहनों को आवश्यक छूट प्रदान की जाएगी।



