विश्व पर्यावरण दिवस पर येरवडा कारागार परिसर में 11 हजार वृक्षों का रोपण
रोटरी क्लब ऑफ पुणे टिलक रोड ने शुरू किया घना शहरी वन निर्माण का महत्वाकांक्षी अभियान

पुणे, 5 जून: बढ़ते शहरीकरण, प्रदूषण तथा जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों का सामना करने के उद्देश्य से रोटरी क्लब ऑफ पुणे टिलक रोड ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर येरवडा ओपन जेल परिसर में ११००० वृक्षों के रोपण के साथ एक महत्वाकांक्षी घना शहरी वन (Dense Urban Forest) परियोजना का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में महाराष्ट्र राज्य के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक तथा कारागार विभाग के वरिष्ठ अधिकारी डॉ. सुहास वारके (आईपीएस), म्युनिशन्स इंडिया लिमिटेड के मानव संसाधन निदेशक श्री नंदकिशोर नाईक, रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3131 के गवर्नर रो. संतोष मराठे, रो. तनुजा मराठे, पर्यावरण निदेशक रो. राजेंद्रकुमार सराफ, रोटरी क्लब ऑफ पुणे टिलक रोड के अध्यक्ष रो. देवदत्त हंबर्डीकर, क्लब के अन्य सदस्य तथा येरवडा कारागार प्रशासन के अधिकारी श्री शामकांत शेडगे एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
यह परियोजना येरवडा ओपन जेल परिसर की एक एकड़ भूमि पर विकसित की जा रही है। इस पहल का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ पुणे शहर के हरित क्षेत्र में वृद्धि करना है। यह घना शहरी वन जैव विविधता के संरक्षण, वायु गुणवत्ता में सुधार, कार्बन अवशोषण क्षमता में वृद्धि तथा पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान देगा। परियोजना के लिए वित्तीय सहयोग म्युनिशन्स इंडिया लिमिटेड द्वारा अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) निधि के माध्यम से प्रदान किया गया है।
अपने संबोधन में डॉ. सुहास वारके ने कहा, “पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। रोटरी द्वारा शुरू की गई यह पर्यावरणीय पहल अत्यंत सराहनीय है। समाज के सभी वर्गों को ऐसे जनहितकारी और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े अभियानों में सक्रिय सहभागिता निभानी चाहिए।” रोटरी क्लब ऑफ पुणे टिलक रोड के अध्यक्ष रो. देवदत्त हंबर्डीकर ने कहा, “घने शहरी वन किसी भी शहर के फेफड़ों के समान होते हैं। हमारा उद्देश्य केवल वृक्षारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक पौधे का संरक्षण और संवर्धन सुनिश्चित करना भी है। कारागार प्रशासन के सहयोग से यह क्षेत्र एक समृद्ध हरित पट्टी के रूप में विकसित होगा और पर्यावरण संरक्षण का एक आदर्श मॉडल बनेगा।”



