राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन नोटिस पर कांग्रेस का पलटवार
कहा—‘यह लोकतंत्र का गला घोंटने का प्रयास’

पुणे: कांग्रेस ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन नोटिस को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता गोपालदादा तिवारी ने कहा कि राहुल गांधी के खिलाफ की जा रही कार्रवाई बदले की भावना से प्रेरित है और यह संवैधानिक लोकतंत्र का गला घोंटने का निंदनीय प्रयास है।
गोपालदादा तिवारी ने कहा कि नीट परीक्षा में कथित प्रश्नपत्र लीक और विद्यार्थियों से जुड़े गंभीर मुद्दों पर सरकार के पास कोई ठोस जवाब नहीं है। विद्यार्थियों के आंदोलन के दौरान पुलिस कार्रवाई, लाठीचार्ज और प्रशासनिक अतिरेक जैसे मुद्दों को विपक्ष के नेता के रूप में संसद में उठाना राहुल गांधी का संवैधानिक दायित्व है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब सरकार भ्रष्टाचार या प्रशासनिक विफलताओं पर घिरती है, तब संसदीय नियमों की आड़ लेकर विपक्ष को डराने का प्रयास किया जाता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृहमंत्री को संसद का सामना कर अपने संवैधानिक दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। संसद से दूरी बनाए रखना और विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे गंभीर सवालों का जवाब नहीं देना सत्ता पक्ष की जवाबदेही पर सवाल खड़े करता है।
राहुल गांधी द्वारा इस्तेमाल किए गए कथित आपत्तिजनक शब्दों का बचाव करते हुए तिवारी ने कहा कि राहुल गांधी ने किसी विशिष्ट व्यक्ति का नाम लेकर टिप्पणी नहीं की थी। उनके अनुसार, ये शब्द एक विद्यार्थी के साथ हुए संवाद के संदर्भ में थे और सामाजिक वास्तविकता तथा विद्यार्थियों की पीड़ा को सदन में रखने का हिस्सा थे। इसलिए इसे किसी व्यक्ति का जानबूझकर अपमान मानना उचित नहीं है।
तिवारी ने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस को संसदीय मर्यादा और भाषा का पाठ पढ़ाने से पहले भाजपा नेताओं को अपने पुराने बयानों पर गौर करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं और सांसदों ने अतीत में राहुल गांधी, पंडित जवाहरलाल नेहरू और सोनिया गांधी के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया है। ऐसे कई शब्दों को संसदीय कार्यवाही से हटाया भी गया था। ऐसे में भाजपा को अब संसदीय प्रतिष्ठा की चिंता होना महज दिखावा है।
उन्होंने कहा कि सांसद अनुराग ठाकुर द्वारा दायर की गई विशेषाधिकार हनन की नोटिस यदि विशेषाधिकार समिति के पास जाती है, तो राहुल गांधी और कांग्रेस वहां भी देश के करोड़ों विद्यार्थियों के पक्ष में अपनी बात मजबूती से रखेंगे।
गोपालदादा तिवारी ने कहा कि भाजपा कितनी भी नोटिस जारी करे या दबाव बनाए, कांग्रेस जिम्मेदार विपक्ष के रूप में युवाओं, विद्यार्थियों और किसानों की आवाज संसद में उठाना बंद नहीं करेगी। उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी के खिलाफ जारी विशेषाधिकार हनन नोटिस ने भाजपा के कथित लोकतंत्र विरोधी रवैये को उजागर कर दिया है।



