प्रभाग समिति कार्यालय के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं का हो समाधान : मुरलीधर मोहोल
वारजे-कर्वेनगर क्षेत्रीय कार्यालय के नवीनीकृत प्रभाग समिति सभागृह का उद्घाटन संपन्न; नगरसेविका मंजुश्री खर्डेकर की पहल की सराहना

पुणे। केंद्रीय नागरी विमानन एवं सहकारिता राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते नागरिकों की रोजमर्रा की समस्याओं का सामना करना और उनका समाधान करना नगरसेवकों की एक बड़ी जिम्मेदारी है। यह काम आसान नहीं होता। मैं स्वयं इस जिम्मेदारी से गुजर चुका हूं, इसलिए इसकी कठिनाइयों को अच्छी तरह समझता हूं।
उन्होंने कहा कि किसी भी कार्यस्थल का वातावरण और उसकी व्यवस्था बेहद महत्वपूर्ण होती है। बेहतर सुविधाओं से सकारात्मक ऊर्जा मिलती है और काम करने की क्षमता भी बढ़ती है। वारजे-कर्वेनगर क्षेत्रीय कार्यालय की प्रभाग समिति अध्यक्ष एवं नगरसेविका मंजुश्री खर्डेकर ने सभागृह और कार्यालय का बेहद सुंदर तरीके से नवीनीकरण कराया है। उन्हें विश्वास है कि अब सभी नगरसेवक इस कार्यालय के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं का अधिक प्रभावी ढंग से समाधान कर सकेंगे।कार्यक्रम में एड. प्राची बगाटे, संतोष लांडे, वैभव जमदाडे, बालासाहेब धनवे, राजेंद्र येडे, शंतनु खिलारे, विवेक विप्रदास, श्रीकांत गावडे, अनघा जगताप, गायत्री लांडे, मानसी ठाकुर, छाया सोनावणे, पूनम चव्हाण, संगीता शेवडे, मालन सरोदे, कविता सदाशिवे, रुपाली मगर सहित मोहल्ला कमेटी के सदस्य, स्थानीय नागरिक और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।
वारजे-कर्वेनगर क्षेत्रीय कार्यालय के नवीनीकृत प्रभाग समिति सभागृह के उद्घाटन समारोह में मोहोल बोल रहे थे। इस अवसर पर अतिरिक्त आयुक्त ओमप्रकाश दिवटे, उपायुक्त विजय थोरात, सहायक आयुक्त अस्मिता तांबे, नगरसेवक पुनीत जोशी, स्वप्नील दुधाणे, सुनील पांडे, भारतभूषण बराटे तथा नगरसेविकाएं मिताली सावलेकर, रेश्माताई बराटे, तेजश्री पवळे, हर्षदा भोसले सहित कई गणमान्य उपस्थित थे।
इस अवसर पर नगरसेविका एवं प्रभाग समिति अध्यक्ष मंजुश्री खर्डेकर ने कहा कि पिछले 12 वर्षों से इस सभागृह का नवीनीकरण नहीं हुआ था। वर्ष 2017 में पहली बार नगरसेविका निर्वाचित होने के बाद से ही उनकी इच्छा इस सभागृह और कार्यालय को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने की थी। वर्ष 2026 में पार्टी की ओर से प्रभाग समिति अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने के बाद उन्होंने इस कार्य को पूरा किया, जिसका उन्हें विशेष संतोष है।
उन्होंने विश्वास जताया कि इस कार्यालय के माध्यम से सभी नगरसेवक नागरिकों की अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि निर्वाचित होने के बाद से विभिन्न आचार संहिताओं और एसआईआर (SIR) के कार्यों के चलते प्रशासन व्यस्त था और जनप्रतिनिधियों पर भी कुछ प्रतिबंध थे। इसके कारण नागरिकों की अपेक्षा के अनुरूप विकास कार्य गति नहीं पकड़ पा रहे थे। हालांकि, अब विकास कार्यों में तेजी आएगी।



