समय से पहले मानसून का आगमन, पाटस में बादल फटा, पुणे में मूसलाधार बारिश का कहर,
सड़कों पर जलसैलाब, जनजीवन अस्त-व्यस्त, प्रशासन अलर्ट पर

पुणे सहित राज्य के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश
पुणे. पुणे सहित महाराष्ट्र के कई भागों में समय से पहले मानसून ने दस्तक दे दी है। पुणे के पाटस इलाके में बीती रात बादल फटा जिससे नदियों और नालों में उफान आ गया। निचले इलाकों में खड़ी गाड़ियां, जिसमें ट्रैक्टर का भी समावेश है, कागज की नाव की तरह पानी में बहती हुई देखी गई। इधर पुणे शहर में भी रुक-रुक कर लगातार घनघोर बारिश हो रही है जिसके चलते शहर की सड़कें गडढ़ों में तब्दील हो चुकी हैं। प्रायः सभी सड़कों पर जल भराव हो गया है जिसकी वजह से यातायात भी बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। पिछले एक हफ्ते से हो रही लगातार बारिश से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।
सामान्यतः मानसून 8 जून को आता है, लेकिन इस बार मई के अंत में ही राज्य के कई हिस्सों में तेज बारिश शुरू हो गई है। पुणे, मुंबई, कोकण, मराठवाड़ा और पश्चिम महाराष्ट्र के कई जिलों में जोरदार बारिश हुई है। इससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
पुणे जिले में बारिश का कहर
पुणे जिले के बारामती और इंदापुर में हालात गंभीर
पुणे जिले के बारामती और इंदापुर तालुका में भारी बारिश के कारण कई समस्याएं खड़ी हो गई हैं। बारामती के शेतफडगले गांव में एक ही दिन में 13 इंच (करीब 330 मिमी) बारिश दर्ज की गई, जबकि जिले के अन्य हिस्सों में भी 7 इंच के आसपास बारिश हुई। इस बारिश से दो नहरें टूट गईं और पानी खेतों और सड़कों पर फैल गया। नीरा और कर्हा नदियों सहित कई नदियों और ओढ्याओं में जलस्तर बढ़ गया है। प्रशासन की ओर से 250 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है।
बादल फटने से पाटस में मची तबाही, वाहन बहे, सड़कें क्षतिग्रस्त
पुणे जिले के पाटस इलाके में बादल फटने जैसी स्थिति देखी गई। कई वाहन पानी में बह गए और सड़कें ध्वस्त हो गईं। इससे यातायात ठप हो गया और नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। आपदा प्रबंधन दल मौके पर राहत कार्य में जुटा हुआ है।
अजित पवार ने बताया – ‘87 वर्षीय मां ने कहा, ऐसी बारिश 51 वर्षों में नहीं देखी’
बारामती में दौरे के दौरान उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने बताया कि उनकी 87 वर्षीय मां ने कहा कि पिछले 51 वर्षों में उन्होंने इतना तेज और लगातार बारिश कभी नहीं देखी। अजित पवार ने बताया कि वे सुबह से ही प्रशासन के अधिकारियों, प्रांताधिकारी, पुलिस और सिंचाई विभाग के साथ स्थिति का जायजा ले रहे हैं।
मौसम विभाग ने दी चेतावनी, पुणे में येलो अलर्ट, बारामती में ऑरेंज अलर्ट
पुणे मौसम विभाग के अधिकारी एस.डी. सानप के अनुसार मानसून समय से पहले राज्य में प्रवेश कर चुका है। मुंबई, पुणे, सोलापुर, कोल्हापुर और कोंकण क्षेत्र में मानसून सक्रिय है। पुणे शहर के लिए येलो अलर्ट और पुणे जिले के लिए आगामी चार दिनों तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मुंबई में भी अगले चार दिनों तक ऑरेंज अलर्ट रहेगा।
किसानों और नागरिकों को भारी नुकसान, पंचनामे शुरू
तेज बारिश से किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। कई घरों में पानी घुस गया है। शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में नुकसान के पंचनामे शुरू कर दिए गए हैं। प्रशासन राहत कार्य में जुटा हुआ है।
मानसून की उत्तर सीमा पुणे तक, अगले तीन दिन महत्वपूर्ण
हवा के दबाव और नमी के चलते मानसून की उत्तरसीमा अब पुणे, मुंबई, सोलापुर, कलबुर्गी, महबूबनगर और त्रिपुरा के गोलपारा तक पहुँच गई है। आने वाले तीन दिनों में यह पूरे महाराष्ट्र में फैल जाएगा।
उल्लेखनीय है कि, समय से पहले आए मानसून ने पुणे सहित पूरे राज्य में चिंता की लहर पैदा कर दी है। लगातार हो रही भारी बारिश से जहां किसानों को नुकसान हुआ है, वहीं आम जनजीवन भी प्रभावित हुआ है। नागरिकों से अपील की गई है कि जब तक आवश्यक न हो, घर से बाहर न निकलें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।
पुणे में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, नागरिक सतर्क रहें
पुणे। भारतीय मौसम विभाग ने पुणे जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अगले 24 घंटों के दौरान जिले में मूसलधार बारिश की संभावना व्यक्त की गई है।
इस संबंध में पुणे जिला प्रशासन ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे सतर्क रहें और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। यह जानकारी मंत्रालय के ‘सचेत’ ऐप के माध्यम से प्राप्त हुई है।
जारी विज्ञप्ति में प्रशासन की ओर से यह भी कहा गया है कि, नागरिकों से अपील की जाती है कि वे जलजमाव वाले क्षेत्रों से बचें, सुरक्षित स्थानों पर रहें और अनावश्यक यात्रा से परहेज करें। किसी भी प्रकार की सहायता या आपात स्थिति में प्रशासन से संपर्क करें। सुरक्षित रहें, सजग रहें।