महावितरण के संचालन निदेशक बने धनंजय औंढेकर

मुंबई, : महावितरण कंपनी के नए संचालक (संचालन) के रूप में धनंजय औंढेकर ने गुरुवार को पदभार ग्रहण किया। उनकी नियुक्ति प्रत्यक्ष भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से हुई है। इससे पहले वे कार्यकारी निदेशक (वितरण/परियोजना) के पद पर कार्यरत थे और पिछले 29 वर्षों से महावितरण में विभिन्न जिम्मेदारियां निभा चुके हैं।
औंढेकर ने विद्युत अभियांत्रिकी के साथ एमबीए (फाइनेंस) तथा पावर डिस्ट्रीब्यूशन मैनेजमेंट में विशेष प्रशिक्षण प्राप्त किया है। उन्होंने बीड, परभणी, छत्रपति संभाजीनगर, नाशिक, पुणे, सोलापुर, कल्याण और मुंबई सहित कई स्थानों पर सेवाएं दी हैं।
कार्यकारी निदेशक रहते हुए उनके नेतृत्व में महावितरण ने सौर कृषि पंप योजना में देश में पहला स्थान हासिल किया तथा एक महीने में 45,911 सौर कृषि पंप स्थापित कर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत भी महावितरण ने देश में दूसरा स्थान प्राप्त किया।
पदभार संभालने के बाद औंढेकर ने कहा कि कंपनी को अधिक ग्राहक-अनुकूल, डिजिटल और हरित ऊर्जा की दिशा में आगे बढ़ाना, निर्बाध बिजली आपूर्ति, बेहतर ग्राहक सेवा, बिजली हानि में कमी और राजस्व वृद्धि उनकी प्राथमिकताएं रहेंगी।



