बारिश में भी पौधों को टैंकर से दिया जा रहा पानी, वीडियो वायरल
संदीप खर्डेकर ने की मामले में जांच की मांग, पुणे मनपा आयुक्त को सौंपा पत्र
पुणे, 3 : मूसलाधार बारिश के बीच टैंकर से डिवाइडर पर लगे पौधों को पानी देने का वायरल वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर चर्चा का विषय बना हुआ है। इस घटना को लेकर पुणे महानगरपालिका और जनप्रतिनिधियों की तीखी आलोचना हो रही है। इसी बीच क्रिएटिव्ह फाउंडेशन के अध्यक्ष संदीप खर्डेकर ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए पुणे मनपा आयुक्त नवलकिशोर राम को पत्र सौंपा है।
खर्डेकर ने पत्र में दावा किया है कि उन्होंने वायरल वीडियो की वास्तविकता जानने के लिए संबंधित टैंकर मालिक और टैंकर किराये पर लेने वाली कंपनी से बातचीत की। उनके अनुसार, समर्थ टैंकर सप्लायर्स के मालिक सचिन पवार ने बताया कि उनका टैंकर ऊर्जा डेवलपर्स और सागर लुक आउट कंपनी ने किराये पर लिया था।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि संबंधित कंपनी को मेट्रो के नीचे विज्ञापन अधिकार (Advertising Rights) मिले हैं। अनुबंध की शर्तों के तहत कंपनी को मेट्रो मार्ग के नीचे स्थित डिवाइडर का सौंदर्यीकरण और वहां लगाए गए पौधों का रखरखाव करना है।
कंपनी के प्रतिनिधियों विक्रम यादव और अजित पाटील के अनुसार, मेट्रो की संरचना के कारण डिवाइडर पर लगे पौधों तक पर्याप्त वर्षा का पानी नहीं पहुंच पाता। पिछले 8–10 दिनों से इन पौधों को पानी नहीं मिला था, इसलिए उन्हें बचाने के उद्देश्य से टैंकर के माध्यम से सिंचाई की गई। टैंकर मालिक ने यह भी स्पष्ट किया कि उपयोग किया गया पानी बोरवेल का था, जिसे वारजे क्षेत्र से भरा गया था।
संदीप खर्डेकर ने आयुक्त से मांग की है कि इस पूरे स्पष्टीकरण की तत्काल निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति पुणेवासियों के सामने रखी जाए। यदि संबंधित पक्षों का दावा सही है तो तथ्य सार्वजनिक किए जाएं, और यदि जांच में उनका बयान गलत पाया जाता है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
अब यह मामला केवल सोशल मीडिया की बहस तक सीमित नहीं रहा है, बल्कि प्रशासनिक जांच की मांग तक पहुंच गया है। पुणेकरों की नजर अब मनपा प्रशासन की जांच और आधिकारिक स्पष्टीकरण पर टिकी हुई है।



