पुणे में नदियों और नहरों को स्वच्छ रखने की पहल, जाली और निर्माल्य कलश लगाने के प्रस्ताव को मंजूरी
प्रभाग क्रमांक 25 की नगरसेविका स्वप्नाली पंडित द्वारा प्रस्तुत मूल प्रस्ताव को मंजूरी
पुणे।पुणे महानगरपालिका की संबंधित समिति ने शहर की नदियों और नहरों को स्वच्छ रखने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। नदीपात्रों में कचरा और धार्मिक निर्माल्य फेंकने पर रोक लगाने के लिए पुलों पर जालियां लगाने तथा निर्माल्य कलश स्थापित करने के प्रस्ताव को उपसंशोधन सहित मंजूरी दे दी गई है।
प्रभाग क्रमांक 25 की नगरसेविका स्वप्नाली पंडित द्वारा प्रस्तुत मूल प्रस्ताव में कहा गया था कि नागरिक बड़ी मात्रा में नदीपात्रों में निर्माल्य और कचरा फेंकते हैं। इसे रोकने के लिए नदी पर बने पुलों पर ऊंची जालियां लगाई जाएं, ताकि ऊपर से फेंका गया कचरा सीधे नदी में न गिरे। साथ ही पुलों के दोनों ओर निर्माल्य कलश रखे जाएं, जिससे नागरिक धार्मिक सामग्री वहीं जमा कर सकें।
प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान समिति सदस्य श्रीकांत जगताप ने एक उपसंशोधन प्रस्तुत किया, जिसका सपना छाजेड ने समर्थन किया।
उपसंशोधन के अनुसार, यह योजना केवल प्रभाग 25 तक सीमित न रहकर पुणे महानगरपालिका क्षेत्र की सभी नदियों और नहरों पर लागू की जाएगी। इसके अलावा जालियां और निर्माल्य कलश लगाने के साथ-साथ नदी या नहर में कचरा फेंकने वाले लोगों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई करने का भी प्रावधान किया गया है।
समिति अध्यक्ष एवं सदस्यों ने कहा कि यह निर्णय नदी एवं नहरों के प्रदूषण को रोकने, धार्मिक निर्माल्य के वैज्ञानिक निस्तारण को बढ़ावा देने और शहर को स्वच्छ एवं पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।



