ताजा खबरधर्मब्रेकिंग न्यूज़शहर

19 से 21 जुलाई तक आयोजित होगा 241वां श्री वरदेंद्र तीर्थ स्वामीजी आराधना महोत्सव

Spread the love

पुणे : सदाशिव पेठ स्थित नंजनगूड श्री वरदेंद्र राघवेंद्र स्वामी मठ में पूज्य श्री वरदेंद्र तीर्थ स्वामीजी के 241वें आराधना महोत्सव का भव्य आयोजन 19 से 21 जुलाई 2026 तक अत्यंत भक्तिमय, वैदिक एवं धार्मिक वातावरण में किया जाएगा। इस पावन अवसर पर महाराष्ट्र सहित देशभर से हजारों श्रद्धालुओं के पुणे पहुंचने की संभावना है।
यह महोत्सव परमपूज्य 108 श्री सुयतीन्द्र तीर्थ स्वामीजी के दिव्य आशीर्वाद तथा वर्तमान पीठाधीश्वर परमपूज्य 108 डॉ. श्री श्री श्री सुबुधेन्द्र तीर्थ स्वामीजी के पावन सान्निध्य में संपन्न होगा। महोत्सव का शुभारंभ 18 जुलाई को सायं 5:00 बजे ध्वजारोहण, प्रार्थना उत्सव, गो-पूजन एवं धान्य-पूजन के साथ होगा। इसके पश्चात 19 जुलाई को पूर्व आराधना, 20 जुलाई को मध्य आराधना तथा 21 जुलाई को उत्तर आराधना के विशेष धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे।
प्रतिदिन प्रातः 5:30 बजे सुप्रभात सेवा, 8:00 बजे फलपंचामृत एवं अष्टोत्तर पारायण, 10:30 बजे संस्थान पूजा, हस्तोदक एवं महामंगल आरती, दोपहर 1:00 बजे तीर्थ प्रसाद, सायं 5:00 से 7:00 बजे हरिभजन एवं आध्यात्मिक प्रवचन तथा रात्रि 8:00 बजे उत्सव एवं अष्टावधान मंगल आरती का आयोजन किया जाएगा।
महोत्सव के दौरान विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। 19 जुलाई को बेंगलुरु के श्री आनंद तीर्थ द्वारा कोलालू वाद्य वादन, 20 जुलाई को पुणे के पंडित रघुनंदन पानशीकर द्वारा दासवाणी प्रस्तुति तथा 21 जुलाई को श्रीमती नेहा देशपांडे कुलकर्णी द्वारा हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत की प्रस्तुति होगी।
इसके अतिरिक्त रजत रथोत्सव 19 एवं 20 जुलाई को सायं 7:30 बजे तथा 21 जुलाई को प्रातः 11:30 बजे भक्तिमय वातावरण में निकाला जाएगा।
मठ के प्रबंधक श्री दत्ता जोशी ने बताया कि इस तीन दिवसीय धार्मिक महोत्सव में पुणे सहित विभिन्न राज्यों से हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं, धर्मप्रेमियों एवं नागरिकों से परिवार सहित महोत्सव में उपस्थित होकर पूज्य संतों के दर्शन, आशीर्वाद तथा धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का लाभ लेने की अपील की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!