ताजा खबरदेश / विदेशब्रेकिंग न्यूज़शहर

पार्किंग उपलब्ध नहीं, फिर भी दोपहिया वाहन चालकों पर कार्रवाई क्यों?

एरंडवणे की पांडुरंग कॉलोनी में व्यवसायिक इमारत के पार्किंग स्थल को तत्काल खोलने की मांग

Spread the love

पुणे। एरंडवणे स्थित पांडुरंग कॉलोनी के सर्वे नंबर 36/17 में व्यवसायिक इमारत का पार्किंग स्थल अब तक खुला नहीं किए जाने के बावजूद वहां आने वाले नागरिकों के दोपहिया वाहनों पर यातायात पुलिस द्वारा कार्रवाई किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में क्रिएटिव फाउंडेशन के अध्यक्ष संदीप खर्डेकर ने पुणे मनपा और पुलिस प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। खर्डेकर ने सह पुलिस आयुक्त मनोज पाटील, पुलिस उपायुक्त (यातायात) संदीप भाजीभाकरे तथा पुणे मनपा के मुख्य नगर अभियंता अनिरुद्ध पावसकर को पत्र देकर पांडुरंग कॉलोनी स्थित उक्त व्यवसायिक इमारत का पार्किंग स्थल तत्काल नागरिकों के लिए उपलब्ध कराने की मांग की है। इमारत में झुडिओ, बैंक सहित अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान संचालित हैं। पत्र में कहा गया है कि संबंधित बिल्डर ने अब तक पार्किंग की जगह खुली नहीं की है। पार्किंग स्थल को खाली करने के संबंध में संपर्क करने पर हर बार 15 दिनों में पार्किंग खुली करने और वहां रखा सामान हटाने का आश्वासन दिया जाता है, लेकिन अब तक स्थिति में बदलाव नहीं हुआ है।

खर्डेकर का आरोप है कि एक ओर नागरिकों के लिए निर्धारित पार्किंग उपलब्ध नहीं कराई जा रही है, वहीं दूसरी ओर खरीदारी अथवा अन्य काम से आने वाले नागरिकों के दोपहिया वाहनों पर यातायात पुलिस द्वारा कार्रवाई की जा रही है। इससे नागरिकों को अनावश्यक परेशानी और आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि पांडुरंग कॉलोनी के निवासी भी इस समस्या से परेशान हैं। पार्किंग उपलब्ध न होने और लगातार कार्रवाई किए जाने से नागरिकों में प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठ रहे हैं। खर्डेकर ने मांग की है कि मनपा संबंधित बिल्डर को पार्किंग स्थल तत्काल खोलने के लिए सख्त निर्देश दे तथा जब तक पार्किंग नागरिकों के लिए उपलब्ध नहीं कराई जाती, तब तक वहां आने वाले दोपहिया वाहन चालकों पर कार्रवाई न की जाए। इस संबंध में रुपेश केसेकर द्वारा बनाया गया कार्रवाई का वीडियो और पार्किंग स्थल के छायाचित्र भी संबंधित अधिकारियों को सौंपे जाने की जानकारी दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!