बुधवार पेठ में FDA की बड़ी कार्रवाई, 512 किलो दूषित मिठाई नष्ट
आठ दुकानों की जांच; श्री मंगल मूर्ति मिठाई दुकान को कारोबार बंद करने का नोटिस

पुणे : त्योहारों के दौरान नागरिकों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले मिठाई विक्रेताओं के खिलाफ खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने सख्त कार्रवाई की है। बुधवार पेठ क्षेत्र की आठ मिठाई दुकानों की जांच के दौरान 512.1 किलो अस्वच्छ मिठाई जब्त कर मौके पर ही नष्ट की गई। नष्ट की गई मिठाई की कीमत करीब 2 लाख 88 हजार 200 रुपये बताई गई है।
‘सेफ फूड, सेफ महाराष्ट्र’ अभियान के तहत शुक्रवार (27 नवंबर) को यह कार्रवाई की गई। जांच में कुछ दुकानों पर खोये के मोदक, लड्डू और पेड़े बेहद अस्वच्छ वातावरण में तैयार किए जाते पाए गए। इससे नागरिकों के स्वास्थ्य को खतरा होने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने मिठाई का पूरा स्टॉक नष्ट कर दिया।
कार्रवाई के दौरान 17 खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे गए हैं। वहीं, आवश्यक लाइसेंस के बिना कारोबार करने पर ‘श्री मंगल मूर्ति’ मिठाई दुकान को कारोबार बंद करने का नोटिस जारी किया गया है।
FDA की इस कार्रवाई से मिठाई विक्रेताओं में हड़कंप मच गया है। साथ ही सवाल उठ रहा है कि अस्वच्छ परिस्थितियों में तैयार मिठाई बेचकर लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों पर नियमित निगरानी क्यों नहीं रखी जाती।
तक ही कार्रवाई सीमित नहीं रहेगी, बल्कि खाद्य पदार्थ बेचने वाली टपरियों की भी जांच की जाएगी। आवश्यक लाइसेंस नहीं होने और स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर FDA कार्रवाई करेगा।
हालांकि, इस कार्रवाई के बीच एक अहम सवाल यह भी उठ रहा है कि देर रात तक काम करने वाले कर्मचारियों, विद्यार्थियों और यात्रियों को स्वच्छ एवं अधिकृत खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन क्या व्यवस्था करेगा? अवैध कारोबार पर रोक लगाने के साथ ही नियमों का पालन करने वाले व्यवसायियों को वैकल्पिक जगह और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी भी प्रशासन को निभानी चाहिए।



