Deputy Chief Minister Sunetra Ajit Pawar : उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार ने प्रीतिसंगम पर स्व. यशवंतराव चव्हाण को किया नमन

सातारा : महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार (Deputy Chief Minister Sunetra Ajit Pawar) ने आज कराड स्थित प्रीतिसंगम में महाराष्ट्र के शिल्पकार और राज्य के पहले मुख्यमंत्री स्वर्गीय यशवंतराव चव्हाण की समाधि पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर सहायता एवं पुनर्वसन मंत्री मकरंद पाटील, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रूपाली चाकणकर, सांसद सुनील तटकरे, सांसद नितीन पाटील, पूर्व सांसद श्रीनिवास पाटील, पूर्व विधायक बालासाहेब पाटील, जिलाधिकारी संतोष पाटील, पुलिस अधीक्षक तुषार दोशी, कराड नगराध्यक्ष राजेंद्रसिंह यादव सहित विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद सुनेत्रा पवार का यह पहला कराड दौरा था। इस दौरान उन्होंने प्रीतिसंगम पहुंचकर स्व. यशवंतराव चव्हाण की समाधि के दर्शन किए और पुष्पचक्र अर्पित कर नमन किया। इस मौके पर स्व. अजित पवार और स्व. यशवंतराव चव्हाण के समाधि स्थल से जुड़े भावनात्मक संबंधों की भी यादें ताजा हुईं। स्व. अजित पवार अक्सर कराड आकर यशवंतराव चव्हाण की समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित करते थे। उनकी स्मृतियां आज उपस्थित सभी लोगों के मन में जीवंत हो उठीं।



