खाड़ी देशों में युद्ध का असर भारत तक, पुणे में गैस किल्लत से होटल-रेस्टोरेंट संकट में

पुणे : मिडिल ईस्ट में चल रहे युद्ध का असर अब भारत में भी दिखाई देने लगा है। पुणे सहित देश के कई शहरों में कमर्शियल LPG सिलेंडर की कमी की खबरें सामने आ रही हैं, जिससे होटल और रेस्टोरेंट संचालकों की चिंता बढ़ गई है। गैस सप्लाई में कमी और बढ़ती कीमतों के कारण होटल-रेस्टोरेंट व्यवसाय प्रभावित होने लगा है।
पुणे के कई रेस्टोरेंट और होटल मालिकों का कहना है कि गैस एजेंसियों द्वारा कमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई कम कर दी गई है। कई जगहों पर केवल एक से दो दिन का ही गैस स्टॉक बचा है। ऐसे में यदि जल्द ही स्थिति सामान्य नहीं हुई तो कई छोटे होटल और रेस्टोरेंट को अपना कारोबार अस्थायी रूप से बंद करना पड़ सकता है।
रेस्टोरेंट संचालकों के अनुसार, गैस की लगातार कमी से रोजमर्रा के संचालन में मुश्किलें बढ़ रही हैं। कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में भी बढ़ोतरी की आशंका जताई जा रही है, जिससे व्यवसाय पर अतिरिक्त आर्थिक दबाव पड़ सकता है।
इस गैस संकट का असर सिर्फ होटल और रेस्टोरेंट तक सीमित नहीं है, बल्कि छात्रों के मेस और टिफिन सेवाओं पर भी पड़ रहा है। पुणे एक बड़ा शैक्षणिक केंद्र होने के कारण यहां बड़ी संख्या में छात्र मेस पर निर्भर रहते हैं। गैस की किल्लत के चलते कई मेस संचालकों को भोजन व्यवस्था बनाए रखने में कठिनाई हो रही है।
होटल और रेस्टोरेंट संघ के प्रतिनिधियों ने सरकार और गैस सप्लाई एजेंसियों से जल्द से जल्द आपूर्ति सामान्य करने की मांग की है, ताकि व्यवसाय और आम लोगों की दैनिक जरूरतों पर पड़ रहा असर कम किया जा सके।



