अवैध होर्डिंग्स के खिलाफ कड़ी करवाई का आदेश, एक सप्ताह में हटाने होंगे सभी अवैध होर्डिंग्स
शैक्षणिक संस्थानों के आसपास नशीले पदार्थ बेचने वालों पर होगी कार्रवाई

पुणे: शहर में बढ़ते अवैध विज्ञापन फलक (होर्डिंग्स) के खिलाफ पुलिस और पुणे महानगरपालिका प्रशासन ने संयुक्त रूप से कड़ा अभियान चलाने का निर्णय लिया है। आगामी एक सप्ताह के भीतर शहर में लगाए गए सभी अवैध होर्डिंग्स हटाए जाएंगे। साथ ही ऐसे फलक लगाने वालों के खिलाफ सीधे आपराधिक मामले दर्ज किए जाएंगे, ऐसी स्पष्ट चेतावनी पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार ने दी है। इस संबंध में पुणे पुलिस आयुक्तालय में महापालिका आयुक्त नवलकिशोर राम की उपस्थिति में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सह-पुलिस आयुक्त रंजन कुमार शर्मा सहित पुलिस और महापालिका के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार ने कहा कि शहर में राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता तथा कुछ व्यावसायिक बड़ी संख्या में अवैध फलक लगा रहे हैं। इससे शहर की सुंदरता प्रभावित हो रही है और पुणे की छवि पर भी विपरीत असर पड़ रहा है। इन फलक को हटाने के लिए विशेष नीति तैयार की गई है तथा फलक तैयार करने वाले व्यवसायियों की सूची भी तैयार कर ली गई है।
बैठक में आगामी वर्षा ऋतु से पहले किए जाने वाले कार्यों पर भी चर्चा की गई। शहर में जहां पानी जमा होने की समस्या है, ऐसे लगभग 400 स्थानों का निरीक्षण कर उनकी सूची महापालिका को सौंप दी गई है। इन स्थानों पर वर्षा ऋतु से पहले आवश्यक कार्य पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा शहर की सड़कों के किनारे लंबे समय से खड़े बेवारिस वाहनों के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है। ऐसे वाहनों को महापालिका की टीमें हटाकर ले जाएंगी और उसका खर्च संबंधित वाहन मालिक से वसूला जाएगा।
शैक्षणिक संस्थानों के आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई
शैक्षणिक संस्थानों के आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं महापालिका आयुक्त नवलकिशोर राम ने बताया कि शहर में अतिक्रमणों के खिलाफ भी कठोर कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पुणे में अधिकृत रूप से लगभग 22 हजार पथारी व्यवसाय पंजीकृत हैं, जबकि वास्तविक संख्या पांच से छह लाख तक होने का अनुमान है। इसलिए प्रत्येक प्रभाग में पुलिस और महापालिका अधिकारियों की संयुक्त समिति बनाकर अतिक्रमणों पर नियंत्रण रखा जाएगा। प्रशासन ने शहर की सुंदरता और यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए नागरिकों से भी सहयोग करने की अपील की है।



