महिला दिवस पर मिथिला समाज द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन
‘गो ग्रीन’ थीम के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश

पुणे : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मिथिला समाज, पुणे द्वारा वाघोली स्थित सांग्रिला होटल में एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष कार्यक्रम की थीम ‘गो ग्रीन’ रखी गई, जिसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर सभी महिलाओं और अतिथियों को पौधे भेंट किए गए, ताकि प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने और अधिक से अधिक वृक्षारोपण के लिए प्रेरित किया जा सके।
कार्यक्रम का संचालन ज्योति मिश्रा ने प्रभावशाली ढंग से किया। इस दौरान प्रीति मिश्रा ने मधुर गीत प्रस्तुत कर वातावरण को संगीतमय बना दिया। वहीं भावना कुमार और रीना दास ने महिला दिवस पर अपने स्वलिखित गीतों की प्रस्तुति देकर सभी को भावुक और प्रेरित किया। इसके अलावा प्रभा रानी ने अपनी कविता के माध्यम से उपस्थित लोगो को प्रभावित किया। कार्यक्रम में “जय-जय भैरवी” की सुंदर प्रस्तुति रीना दास, भावना कुमार और अलका जी द्वारा दी गई, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।

मिथिला समाज की अध्यक्षा श्रीमती संगीता चौधरी के नेतृत्व में यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में नूतन ठाकुर, ममता ठाकुर, आराधना मिश्रा, निधि झा, मोनालिसा झा, काजल चौधरी, नीतू मिश्रा, रूबी झा, तुलसी झा, प्रीति झा, सोनी चौधरी, सविता चौधरी और स्निग्धा झा का विशेष सहयोग रहा।



