
पुणे. कई वर्षों से बंद पड़ी क्र. 105 मेडी पॉइंट (डी.पी. रोड), औंध से डेक्कन जिमखाना तक की बस सेवा आखिरकार आज फिर से शुरू कर दी गई। इस बहुप्रतीक्षित सेवा के पुनः शुरू होने से स्थानीय नागरिकों में खुशी का माहौल देखा गया। इस बस सेवा का उद्घाटन PMPML के अध्यक्ष अजय खेडेकर के हाथों नारियल फोड़कर और हरी झंडी दिखाकर किया गया। इस अवसर पर उपमहापौर परशुराम वाडेकर, नगरसेवक सन्नी निम्हण, नगरसेविका भक्तीताई गायकवाड और नगरसेविका सपना छाजेड सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

उद्घाटन के बाद सभी जनप्रतिनिधियों ने नागरिकों के साथ बस में सफर कर इस सेवा की शुरुआत की। बस मार्ग के विभिन्न स्टॉप पर नागरिकों ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया और बड़ी संख्या में उपस्थित रहकर अपनी खुशी जाहिर की।
इस बस सेवा के शुरू होने से औंध, डी.पी. रोड और डेक्कन जिमखाना क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। साथ ही, अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही अन्य बंद पड़ी बस सेवाओं को भी पुनः शुरू किया जाएगा।गौरतलब है कि अजय खेडेकर के चेयरमैन बनने के बाद यह उनका पहला कार्यक्रम था, जिस अवसर पर चारों नगरसेवकों की ओर से उनका विशेष स्वागत भी किया गया।



