मंत्री चंद्रकांत पाटील ने अपनी घड़ी उतारकर गणेश शिंदे को पहनाकर किया सम्मान
कोथरूड में विराट हिंदू सम्मेलन में उमड़ा जनसैलाब, गणेश शिंदे के भाषण ने बांधा समा

पुणे : रामनवमी के पावन अवसर पर कोथरूड स्थित जीत मैदान में आयोजित विराट हिंदू सम्मेलन में भारी जनसमूह उमड़ पड़ा। खचाखच भरे मैदान और सभागार में उत्साह और आस्था का अद्भुत माहौल देखने को मिला। सम्मेलन में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित गणेश शिंदे ने अपने ओजस्वी और प्रभावशाली भाषण से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने प्रकृति, समाज और अर्थव्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार रखते हुए ऐतिहासिक उदाहरणों के माध्यम से वर्तमान परिस्थितियों का विश्लेषण किया। उन्होंने कहा, “आज जब पूरा विश्व संघर्ष के दौर से गुजर रहा है, ऐसे समय में संतों के विचार ही मानवता को दिशा दे सकते हैं।”
इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मंत्री चंद्रकांत पाटील उपस्थित रहे। भाषण के अंत में उन्होंने खड़े होकर तालियां बजाते हुए गणेश शिंदे के वक्तृत्व की सराहना की। इसके बाद वे मंच पर पहुंचे और अपनी कलाई की घड़ी उतारकर शिंदे के हाथ में बांधते हुए उनका विशेष सम्मान किया। इस अवसर पर भावुक होते हुए गणेश शिंदे ने कहा, “दादा, यह पल मैं जीवनभर नहीं भूलूंगा।” इस प्रेरणादायी क्षण ने सम्मेलन में उपस्थित लोगों के बीच गर्व, उत्साह और नई ऊर्जा का संचार कर दिया।



