कोथरूड में पानी संकट पर जल्द लिया जायेगा एक्शन : वरिष्ठ नेता चंद्रकांतदादा पाटील
कोथरूड में पानी संकट पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश

पुणे : शहर के कोथरूड क्षेत्र में आज पानी की कमी के कारण नागरिकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सुबह से ही स्थिति गंभीर बनी रही, जिस पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने लगातार नजर बनाए रखी और प्रशासन से संपर्क साधा। इस संबंध में वारजे-कर्वेनगर प्रभाग समिति की अध्यक्ष व नगरसेविका मंजुश्री संदीप खर्डेकर ने बताया कि सुबह 6 बजे से ही वह स्थिति पर नजर रखे हुए थीं और संबंधित अधिकारियों से संपर्क में थीं। लेकिन
दोपहर करीब 4 बजे उन्होंने संदीप खर्डेकर के साथ मिलकर महाराष्ट्र के वरिष्ठ नेता चंद्रकांतदादा पाटील से संपर्क किया और कोथरूडवासियों की समस्या से अवगत कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए चंद्रकांतदादा पाटील ने तुरंत पुणे महानगरपालिका आयुक्त नवल किशोर राम और जल आपूर्ति विभाग के मुख्य अभियंता नंदकिशोर जगताप से संपर्क कर स्थिति का जायजा लिया। उनके निर्देशों के बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई शुरू की। अधिकारियों के अनुसार, अब कोथरूड में चरणबद्ध तरीके से पानी की आपूर्ति शुरू हो गई है और आज रात तक सभी क्षेत्रों में सप्लाई सामान्य होने की संभावना है। साथ ही यह भी आश्वासन दिया गया है कि कल से नियमित पानी आपूर्ति जारी रहेगी। स्थानीय नागरिकों ने राहत की उम्मीद जताते हुए प्रशासन से भविष्य में स्थायी समाधान की मांग की है।



