महाराष्ट्र बोर्ड SSC रिजल्ट में बेटियों और छात्रों का शानदार प्रदर्शन
महाराष्ट्र बोर्ड 10वीं का रिजल्ट घोषित; राज्य का परिणाम 92.09 फीसदी, कोंकण विभाग फिर अव्वल
पुणे : महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षा मंडल की ओर से आयोजित माध्यमिक स्कूल सर्टिफिकेट (SSC) यानी 10वीं बोर्ड परीक्षा 2026 का परिणाम आज घोषित कर दिया गया। राज्यभर के लाखों विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों की उत्सुकता आखिरकार समाप्त हुई। इस वर्ष भी विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सफलता की परंपरा कायम रखी है।
परिणाम घोषित करते समय मंडल की ओर से उपस्थित मान्यवरों का स्वागत किया गया। कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा एवं क्रीड़ा विभाग के प्रधान सचिव रणजितसिंह देओल, शिक्षा आयुक्त तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। यह परीक्षा 20 फरवरी से 18 मार्च 2026 के दौरान आयोजित की गई थी।
इस वर्ष 10वीं की परीक्षा पुणे, नागपुर, छत्रपति संभाजीनगर, मुंबई, कोल्हापुर, अमरावती, नाशिक, लातूर और कोंकण इन नौ विभागीय मंडलों के माध्यम से आयोजित हुई थी। राज्यभर से कुल 15 लाख 60 हजार 154 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था। इनमें से 15 लाख 42 हजार 472 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए।
इनमें 14 लाख 20 हजार 486 विद्यार्थी सफल घोषित हुए हैं और राज्य का कुल परिणाम 92.09 प्रतिशत रहा।
विभागवार परिणाम में कोंकण विभाग ने एक बार फिर अपना दबदबा कायम रखते हुए 97.24 प्रतिशत परिणाम दर्ज किया और राज्य में पहला स्थान हासिल किया। वहीं नाशिक विभाग का परिणाम 88.13 प्रतिशत रहा, जो राज्य में सबसे कम दर्ज किया गया।



