टाल-मृदंग की गूंज, “ज्ञानोबा माऊली” और “माऊली-माऊली” के जयघोष के साथ देहू से पालकी प्रस्थान
उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार ने किए संत तुकाराम महाराज की पादुकाओं के दर्शन व विधिवत पूजा-अर्चना

पुणे: टाल-मृदंग की गूंज, “ज्ञानोबा माऊली” और “माऊली-माऊली” के जयघोष, सिर पर तुलसी वृंदावन और हाथों में दिंडी-पताकाएं लिए हजारों वारकरी भक्ति में लीन दिखाई दिए। इसी भक्तिमय वातावरण में जगद्गुरु श्री संत तुकाराम महाराज की आषाढ़ी वारी पालखी आज पंढरपुर की ओर प्रस्थान की। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री एवं पुणे जिले की पालकमंत्री सुनेत्रा अजित पवार ने देहू स्थित जगद्गुरु श्री संत तुकाराम महाराज संस्थान के शिळा मंदिर में संत तुकाराम महाराज की पवित्र पादुकाओं का विधिवत पूजन कर दर्शन किए। इस मौके पर सांसद श्रीरंग बारणे, विधायक महेश लांडगे, सुनील शेळके, पूर्व सांसद युवराज छत्रपति संभाजीराजे, पूर्व विधायक विलास लांडे, संस्थान के अध्यक्ष ह.भ.प. जालिंदर मोरे, पालखी सोहळा प्रमुख ह.भ.प. गणेश महाराज मोरे सहित संस्थान के पदाधिकारी एवं ट्रस्टी उपस्थित रहे। दर्शन के उपरांत संस्थान की ओर से उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार का सम्मान भी किया गया।

सुनेत्रा अजित पवार ने कहा कि जगद्गुरु संत तुकाराम महाराज की पालखी आज पंढरपुर के लिए प्रस्थान कर रही है। हर वर्ष वारी का भक्तिमय वातावरण मन को विशेष आनंद देता है। उन्होंने कहा कि संत तुकाराम महाराज की कृपा से पालखी सोहळा शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित रूप से संपन्न होगा तथा श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसलिए मानो प्रकृति ने भी आज वर्षा को विराम दिया है। उन्होंने बताया कि जिले में हुई भारी वर्षा की समीक्षा के बाद श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे पालखी प्रस्थान के समय देहू और आळंदी में अधिक भीड़ न करें, बल्कि पुणे शहर में ही ठहरें और पालखी के शहर पहुंचने के बाद यात्रा में शामिल हों। प्रशासन को श्रद्धालुओं के ठहरने और आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए हैं।



