ताजा खबरदेश / विदेशब्रेकिंग न्यूज़

मध्य रेल पर स्वच्छता पखवाड़ा-2026 का शुभारंभ

महाप्रबंधक ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिलाई स्वच्छता शपथ

Spread the love

पुणे ; मध्य रेल ने 02.10.2026 को विभिन्न गतिविधियों के साथ “ स्वच्छता पखवाड़ा-2026” (15.10.2026 तक) तथा विशेष अभियान 6.0 (31.10.2026 तक) का शुभारंभ किया। इसी दिन मध्य रेल के मुख्यालय एवं सभी मंडलों में 17.09.2026 से 02.10.2026 तक आयोजित “ स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026” का भी समापन हुआ। पुणे

मध्य रेल के महाप्रबंधक श्री राजीव श्रीवास्तव ने मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस स्थित ऐतिहासिक महाप्रबंधक कार्यालय भवन में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता शपथ दिलाई श्री अनूप कुमार अग्रवाल, अपर महाप्रबंधक एवं प्रधान मुख्य विद्युत अभियंता, श्री एस. के. सागर, प्रधान मुख्य यांत्रिक अभियंता, प्रधान विभागाध्यक्षों, श्री हिरेश मीणा, मंडल रेल प्रबंधक, मुंबई मंडल सहित मध्य रेल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वच्छता के प्रति प्रतिबद्ध रहने की शपथ ली। सभी ने स्वच्छता के लिए स्वेच्छा से प्रति वर्ष 100 घंटे अर्थात सप्ताह में दो घंटे देने, लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता पैदा करने तथा स्वयं, परिवार, स्थानीय क्षेत्र, गांव और कार्यस्थल से स्वच्छता की पहल करने का संकल्प लिया।

महाप्रबंधक ने छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस के उपनगरीय कॉनकोर्स में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी तथा पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री को पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने उपनगरीय लॉबी के सामने प्रदर्शित महात्मा गांधी की विशाल रंगोली की भी सराहना की।

मध्य रेल के भुसावल, सोलापुर, पुणे और नागपुर मंडलों में भी इसी प्रकार की गतिविधियां आयोजित की गईं।

सभी मंडलों के मंडल रेल प्रबंधकों ने अपने-अपने मंडलों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता शपथ दिलाई। “एक पेड़ मां के नाम” थीम के अंतर्गत पौधारोपण अभियान भी चलाया गया।

भुसावल मंडल में विभिन्न स्थानों पर श्रमदान एवं अन्य स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की गईं। स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए रेलवे स्काउट्स एवं गाइड्स द्वारा “स्वच्छता प्रभात रैलियां” भी आयोजित की गईं। स्वच्छता पखवाड़े के तहत नासिक रोड स्टेशन पर नासिक के आदर्श विद्या मंदिर के 425 विद्यार्थियों के समूह ने भजनों के गायन के माध्यम से महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की।

सोलापुर मंडल में “स्वच्छ रेल, स्वच्छ भारत” के नारे के साथ स्वच्छ प्रभात फेरियां आयोजित की गईं, जिनमें अधिकारियों, कर्मचारियों, उनके परिवारों तथा आम जनता सहित 130 से अधिक लोगों ने भाग लिया। मंडल के विभिन्न स्थानों पर श्रमदान गतिविधियां भी आयोजित की गईं।

पुणे मंडल में विभिन्न स्थानों पर श्रमदान गतिविधियां आयोजित की गईं। स्वच्छता विषय पर विभिन्न कला एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता रैलियों का आयोजन किया गया, जिनमें अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी की।

नागपुर मंडल में विभिन्न स्थानों पर श्रमदान गतिविधियां आयोजित की गईं। स्वच्छता रैलियां भी आयोजित की गईं, जिनमें 150 से अधिक लोगों ने भाग लिया।

“स्वच्छता ही सेवा अभियान”, स्वच्छता पखवाड़ा एवं विशेष अभियान 6.0 के अंतर्गत मध्य रेल द्वारा स्वच्छता तथा ई-कचरे के व्यवस्थित निपटान पर केंद्रित विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इस अभियान में व्यापक स्वच्छता, बेहतर स्थान प्रबंधन, कार्यस्थलों का सौंदर्यीकरण, पर्यावरण अनुकूल पहल, हरित कार्यप्रणालियों तथा पूरे रेल नेटवर्क में डिजिटलीकरण को भी विशेष महत्व दिया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!