एमआईटी एसओसी और मॉडर्न लॉ कॉलेज की विजयी शुरुआत
एमआईटी–एडीटी विश्वविद्यालय में क्रिकेट मुकाबलों का रोमांचक आगाज़

लोणी काळभोर : एमआईटी आर्ट, डिज़ाइन एंड टेक्नोलॉजी विश्वविद्यालय, विश्वराजबाग, पुणे द्वारा आयोजित आठवें विश्वनाथ स्पोर्ट्स मीट (वीएसएम–2026) के अंतर्गत वर्ष की सबसे बड़ी राष्ट्रीय अंतरमहाविद्यालयीन/अंतरविश्वविद्यालयीन क्रीड़ा प्रतियोगिता के क्रिकेट मुकाबलों की सोमवार को भव्य शुरुआत हुई। एमआईटी–एडीटी विश्वविद्यालय के क्रीड़ा परिसर एवं निकम क्रिकेट अकादमी के मैदान पर एक साथ दो रोमांचक मुकाबले खेले गए। इनमें मेज़बान टीम एमआईटी–एडीटी एसओसी, लोणी–काळभोर ने आलंदी की एमआईटी एसीएससी टीम को 31 रनों से पराजित किया, जबकि मॉडर्न लॉ कॉलेज ने एमआईटी एसओई को 10 विकेट से हराकर प्रतियोगिता में विजयी आगाज़ किया।
प्रतियोगिता के पहले मुकाबले में एमआईटी एसओसी टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का निर्णय लिया। कप्तान श्रेयस पारवे के इस निर्णय को टीम के विस्फोटक बल्लेबाज़ सुमित हिंगे ने सार्थक सिद्ध किया। सुमित ने मात्र 42 गेंदों में 8 चौके और 2 छक्कों की मदद से 74 रनों की तूफानी पारी खेलते हुए टीम का स्कोर डेढ़ सौ के पार पहुँचाया। उनकी आक्रामक बल्लेबाज़ी के दम पर एमआईटी एसओसी ने निर्धारित 16 ओवरों में 4 विकेट के नुकसान पर 161 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए एमआईटी एसीएससी टीम को एमआईटी एसओसी की सधी हुई गेंदबाज़ी के सामने गति बनाने में काफ़ी संघर्ष करना पड़ा। हर्ष पांडे की 28 गेंदों में 46 रनों की जुझारू पारी के बावजूद टीम 7 विकेट खोकर केवल 130 रन ही बना सकी। एमआईटी एसओसी की ओर से गेंदबाज़ी में पूर्वविजय सोनी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 18 रन देकर 4 विकेट झटके और विपक्षी टीम की उम्मीदों पर पानी फेर दिया।
निकम क्रिकेट अकादमी के मैदान पर दिन का दूसरा मुकाबला एकतरफ़ा रहा। इसमें मॉडर्न लॉ कॉलेज ने एमआईटी एसओई पर अपना दबदबा कायम किया। पहले बल्लेबाज़ी करते हुए एमआईटी एसओई की टीम शुरुआत में ही संकट में घिर गई और 14 ओवरों में मात्र 97 रनों पर सिमट गई। मॉडर्न लॉ कॉलेज की ओर से संग्राम शेवाळे ने 26 रन देकर 3 विकेट लेकर शानदार गेंदबाज़ी की, जबकि एमआईटी एसओई की ओर से श्रेयस (34 रन) ने अकेले संघर्ष किया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए मॉडर्न लॉ कॉलेज के सलामी बल्लेबाज़ों ने अत्यंत प्रभावी और तेज़ खेल का प्रदर्शन किया तथा बिना कोई विकेट गंवाए मात्र 8 ओवरों में लक्ष्य हासिल कर लिया। वेदांत भडमुखे ने 27 गेंदों में 53 रनों की विस्फोटक पारी खेली, वहीं आर्यन जाधव ने 21 गेंदों में नाबाद 42 रन बनाकर उनका शानदार साथ दिया। एमआईटी एसओई का कोई भी गेंदबाज़ इस मुकाबले में प्रभाव नहीं छोड़ सका।
*संक्षिप्त स्कोर :*
एमआईटी एसओसी – 16 ओवर में 4 विकेट पर 161 रन (सुमित हिंगे 74 रन – 42 गेंद, रोहित शर्मा नाबाद 17; प्रसाद तापकीर 2/32, यश खरात 1/47) एमआईटी एसीएससी – 16 ओवर में 7 विकेट पर 130 रन (हर्ष पांडे 46 रन – 28 गेंद, अथर्व शितोळे 23 रन; पूर्वविजय सोनी 4/18, सुजल पडवळ 2/34, यश कुमार 1/19) मैन ऑफ द मैच : सुमित हिंगे
———–
एमआईटी एसओई – 14 ओवर में 97 रन पर ऑलआउट (श्रेयस 34 रन – 20 गेंद; संग्राम शेवाळे 3/26, ओम जागे 2/4, यश बोरकर 2/15, आर्यन जाधव 1/25) मॉडर्न लॉ कॉलेज – लक्ष्य प्राप्त (वेदांत भडमुखे नाबाद 53 रन – 27 गेंद, आर्यन जाधव नाबाद 42 रन – 21 गेंद) मैन ऑफ द मैच : आर्यन जाधव



