ताजा खबरब्रेकिंग न्यूज़शहर

बिबवेवाड़ी में भीषण आग, दमकल विभाग ने समय रहते पाया काबू

Spread the love

पुणे। बिबवेवाड़ी क्षेत्र में आज दोपहर एक बड़े गोदाम में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना दोपहर लगभग 01:23 बजे की है, जब 658, बिबवेवाड़ी स्थित अप्पर डेपो परिसर में ओसवाल दवाखाना के सामने स्थित “काले एंड सन्स” गोदाम में आग लगने की सूचना नियंत्रण कक्ष को मिली। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना की गईं।
दमकल कर्मियों के मौके पर पहुंचने तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था। आसपास घनी आबादी होने के कारण अग्निशमन दल ने चारों ओर से पानी की बौछार कर आग पर नियंत्रण पाने का अभियान शुरू किया। साथ ही यह सुनिश्चित किया गया कि कोई व्यक्ति अंदर फंसा न हो।
जानकारी के अनुसार करीब 8 हजार वर्गफुट क्षेत्र में फैले इस गोदाम में मंडप सजावट का सामान, कार्पेट, कपड़े और अन्य डेकोरेशन सामग्री बड़े पैमाने पर रखी गई थी, जिससे आग तेजी से फैल गई। आग की चपेट में आकर एक चारपहिया टेंपो और सात दोपहिया वाहन जलकर खाक हो गए। इस दौरान चार से पांच सिलेंडरों में विस्फोट भी हुए, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि या घायल होने की घटना सामने नहीं आई। दमकल विभाग की तत्परता और समय पर की गई कार्रवाई के कारण बड़ा हादसा टल गया। घटना के दौरान स्थानीय नागरिकों, पुलिस विभाग और महावितरण कर्मियों ने भी सहयोग किया।
आग बुझाने के लिए दमकल विभाग की 7 फायर ब्रिगेड गाड़ियां, 3 वॉटर टैंकर तथा मनपा विभाग के 11 टैंकर लगाए गए। इसके अलावा पुणे कैंटोनमेंट फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी भी मौके पर पहुंची।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी देवेंद्र पोटफोडे के मार्गदर्शन में अग्निशमन अधिकारी विजय भिलारे, समीर शेख, सुनील नाईक नवरे, कैलास शिंदे सहित करीब 50 जवानों ने आग बुझाने में अहम भूमिका निभाई।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी देवेंद्र पोटफोडे ने कहा कि आग की गंभीरता और नियंत्रण कक्ष में लगातार आ रहे फोन कॉल्स को देखते हुए तुरंत अतिरिक्त दमकल वाहनों को घटनास्थल पर भेजा गया। आसपास की रिहायशी बस्तियों और दुकानों तक आग न फैले, इसके लिए जवानों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!